शरद पवार की तबीयत बिगड़ी, पुणे के अस्पताल में कराया जाएगा भर्ती
पूर्व केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के प्रमुख शरद पवार की तबीयत अचानक बिगड़ने की खबर सामने आई है। 85 वर्षीय पवार उस समय अपने पैतृक निवास बारामती में थे, जब उन्हें अस्वस्थता महसूस हुई। उम्र और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत पुणे ले जाने की सलाह दी।
मिली जानकारी के अनुसार, शरद पवार को पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया जाएगा, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनके स्वास्थ्य की जांच करेगी। उनके साथ बेटी और सांसद सुप्रिया सुले भी मौजूद हैं। काफिले में एंबुलेंस शामिल है और पार्टी के वरिष्ठ नेता व परिवार के सदस्य भी पुणे रवाना हो चुके हैं। फिलहाल अस्पताल या परिवार की ओर से कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं हुआ है।
जैसे ही उनकी तबीयत बिगड़ने की खबर फैली, एनसीपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में चिंता की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि उन्हें बुखार और गले में संक्रमण की शिकायत है। सभी उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं, जबकि आधिकारिक अपडेट का इंतजार किया जा रहा है।