PM मोदी से मिले डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़, आधे घंटे हुई अहम बातचीत
मेवाड़ पूर्व राजपरिवार के सदस्य डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने मंगलवार को सपरिवार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नई दिल्ली में शिष्टाचार भेंट की। संसद भवन में हुई यह मुलाकात आधे घंटे से अधिक समय तक चली, जिसमें मेवाड़ के गौरवशाली इतिहास और राष्ट्रभक्ति पर आधारित परंपराओं पर चर्चा हुई। बातचीत के दौरान बप्पा रावल, महाराणा सांगा और वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जैसे महान वीरों के आदर्श जीवन मूल्यों और देशभक्ति को भारत की अमूल्य धरोहर बताया गया।
डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उदयपुर स्थित सिटी पैलेस (मेवाड़) आने का आमंत्रण दिया, जिस पर प्रधानमंत्री ने आत्मीयता के साथ सकारात्मक भाव प्रकट किया। डॉ. लक्ष्यराज सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत को वैश्विक मंच पर मिली नई पहचान और सशक्त, प्रगतिशील राष्ट्र निर्माण के लिए शुभकामनाएं भी दीं। इस मुलाकात के दौरान उनके परिवार के सदस्य, जिनमें ओडिशा के डिप्टी सीएम कनकवर्धन सिंह देव, पूर्व सांसद संगीता कुमारी सिंह देव, पत्नी निवृत्ति कुमारी मेवाड़ और उनके बच्चे मौजूद रहे।
इसी दिन सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से उनके निवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल भी उपस्थित थे। सांसदों ने राजस्थान और अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की और क्षेत्र में चलाए जा रहे जनजागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी दी। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष को महाराणा प्रताप की मूर्ति स्मृति चिह्न के रूप में भेंट की गई।