NCP विलय की अटकलों पर शरद पवार का बड़ा बयान, बोले– अब बातचीत का दौर खत्म
महाराष्ट्र की राजनीति में एनसीपी के दोनों गुटों के विलय की खबरों पर एनसीपी (SP) प्रमुख शरद पवार ने चुप्पी तोड़ दी है। उन्होंने साफ कहा कि हालिया घटनाक्रमों के बाद अब सुलह या विलय की संभावना नहीं दिखती। शरद पवार के मुताबिक, उन्हें इस समय चल रही किसी प्रक्रिया की कोई ठोस जानकारी नहीं है और ऐसा लगता है कि बातचीत का अध्याय अब बंद हो चुका है।
शरद पवार ने बताया कि पिछले करीब चार महीनों से अजित पवार और जयंत पाटिल के बीच पार्टी के एक होने को लेकर चर्चा चल रही थी। इस बातचीत में शशिकांत शिंदे जैसे वरिष्ठ नेता भी शामिल थे, लेकिन एक “दुर्भाग्यपूर्ण घटना” के बाद यह प्रक्रिया रुकती नजर आ रही है। उन्होंने संकेत दिए कि अब आगे संवाद की गुंजाइश बेहद कम है।
अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार को लेकर चल रही डिप्टी सीएम बनने की चर्चाओं पर शरद पवार ने इसे अजित गुट का आंतरिक मामला बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है और जो कुछ भी पता चला है, वह मीडिया के जरिए ही है। संभावित शपथ ग्रहण समारोह पर भी पवार ने हैरानी जताते हुए कहा कि जब कोई जानकारी या निमंत्रण ही नहीं मिला, तो वहां शामिल होने का सवाल ही नहीं उठता।