लाल सिंह आर्य की सुपुत्री के वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव
ग्वालियर। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का सोमवार को अल्प प्रवास पर ग्वालियर आगमन हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ग्वालियर प्रवास के दौरान भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य की सुपुत्री प्रियंका के वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने दीनदयालनगर स्थित आर्य के निवास पर पहुँचकर वर-वधु को राम दरबार की तस्वीर सौंपकर आशीर्वाद प्रदान किया। साथ ही वर-वधु को सुखद दाम्पत्य जीवन के लिये शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव राजकीय विमान द्वारा ग्वालियर के विजयाराजे सिंधिया विमानतल पर अल्प समय के लिये पधारे। विमानतल पर जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आत्मीय स्वागत किया। साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों ने अगवानी की। मुख्यमंत्री दोपहर 2 बजे राजकीय विमान द्वारा दिल्ली से ग्वालियर विमानतल पधारे। ग्वालियर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के पश्चात दोपहर 3.05 बजे विमान द्वारा भोपाल के लिये रवाना हुए।
विमानतल पर नगर निगम के सभापति मनोज तोमर, भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, ग्रामीण अध्यक्ष प्रेम सिंह राजपूत, भाजपा पूर्व जिला अध्यक्ष अभय चौधरी, कमल माखीजानी, बीज विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष महेन्द्र सिंह यादव सहित जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया। विमानतल पर ग्वालियर के आईजी अरविंद सक्सेना, डीआईजी अमित सांघी, कलेक्टर रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने अगवानी की।