Dakhal News
भोपाल । आज (शनिवार काे) राष्ट्रीय लघु उद्योग दिवस है। आर्थिक सशक्तीकरण में लघु उद्योगों के योगदान को ध्यान में रखते हुए देश में हर वर्ष 30 अगस्त को राष्ट्रीय लघु उद्योग दिवस मनाया जाता है। राष्ट्रीय लघु उद्योग दिवस 2025 का मुख्य उद्देश्य लघु उद्योगों को बढ़ावा देना, रोजगार के अवसर पैदा करना, आर्थिक- कौशल विकास और इनोवेशन को बढ़ावा देना है। मप्र के मुख्यमंत्री डाॅ. माेहन यादव ने राष्ट्रीय लघु उद्योग दिवस पर प्रदेशवासियाें काे शुभकामनाएं दी है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने शुभकामना संदेश में कहा प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय लघु उद्योग दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। लघु उद्योगों के माध्यम से हम अपने सभी प्रकार के व्यवसायों के संवर्धन के लिए कार्य कर रहे हैं। राज्य सरकार प्रदेश में लघु उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि लघु उद्योग की कई इकाइयां आज आर्थिक रूप से समृद्धि का नया माध्यम बन रही हैं। नवाचार के साथ इन इकाइयों को नये स्वरूप में स्थापित किया जा रहा है। केंद्र सरकार के साथ मिलकर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों को आगे बढ़ाया जा रहा है। पीएम विश्वकर्मा योजना जैसी अनेक कल्याणकारी योजनाएं प्रदेश में संचालित की जा रही हैं, जिनसे प्रदेश में लघु उद्योग विकास के पथ पर अग्रसर हैं।
मुख्यमंत्री डाॅ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने नवंबर 2023 में उद्यम सहायता प्लेटफॉर्म की शुरुआत की। प्रदेश के सभी उद्यमी इसका लाभ उठाएंगे। प्रदेश सरकार मध्यम और कुटीर उद्योग के माध्यम से प्रदेश के सभी नागरिकों के जीवन में बदलाव लाने के लिए संकल्पित है। आज राष्ट्रीय लघु उद्योग दिवस पर ही ग्वालियर में रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव आयोजित की जा रही है।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2025 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |