मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों को दी ईदुज्जुहा की बधाई
भोपाल । मध्य प्रदेश में भी मुस्लिम समाज द्वारा शनिवार, 7 जून को ईदुज्जुहा का पर्व मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ईदुज्जुहा के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएँ दीं हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शुक्रवार को अपने संदेश में कहा है कि ईदुज्जुहा का त्योहार त्याग, बलिदान और आपसी विश्वास का संदेश देता है। यह त्योहार दीन-दुखियों, गरीबों की सेवा तथा मानवता और भाईचारे को सुदृढ़ बनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने ईदुज्जुहा का त्योहार भारत की गौरवशाली परम्परानुसार शांति, सद्भाव और समरसता के साथ मनाने तथा स्वच्छता का ध्यान रखने की अपील की है।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने भी दी ईद-उल-अज़हा की बधाई
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने भी प्रदेशवासियों को ईद-उल-अज़हा की शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने कहा है कि पर्व को पारंपरिक रूप से आपसी सौहार्द्र, शांति और समरसता के साथ मनाएँ।