
Dakhal News

दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा की तर्ज पर दिल्ली में न्याय यात्रा निकालने का निर्णय लिया है। इस न्याय यात्रा को संबोधित करते हुए देवेंद्र यादव ने आम आदमी पार्टी (AAP) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर करारा निशाना साधा।
दिल्ली में अगले साल 2025 में विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा की तर्ज पर दिल्ली में न्याय यात्रा निकालने का निर्णय लिया है। यादव हरी नगर घंटाघर के शास्त्री मार्केट पहुंचे, जहां से यात्रा की शुरुआत की गई। इस दौरान समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
न्याय यात्रा को संबोधित करते हुए दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने आम आदमी पार्टी और बीजेपी पर निशाना साधा। देवेंद्र यादव ने आतिशी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राजधानी में बढ़ते गैंगवार के मामले, अपहरण और गोलीबारी के चलते कानून व्यवस्था चरमरा गई है। जिसे नियंत्रित करने की जगह AAP और बीजेपी अपना पल्ला झाड़ते हुए स्वार्थ की राजनीति कर रहे हैं। देवेंद्र यादव ने कहा कि दिल्ली की जनता को कानून-व्यवस्था पर आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। दिल्ली के लोग भय के साए में जी रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे न्याय यात्रा का काफिला आगे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे दिल्ली की जनता यात्रा के साथ जुड़ रही है। इससे दिल्ली की जनता से उनका रिश्ता और अधिक मजबूत हो रहा है। बता दें कि दिल्ली में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले न्याय यात्रा निकालकर दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश में जुटे हैं।
Dakhal News
All Rights Reserved © 2025 Dakhal News.
Created By:
![]() |