
Dakhal News

विजयपुर उपचुनाव में मिली हार को लेकर भाजपा में चिंतन-मनन जारी है, लेकिन इस हार के बाद पार्टी के अंदर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि पार्टी ने उन्हें प्रचार के लिए नहीं बुलाया। इस पर भाजपा महामंत्री विधायक भगवानदास सबनानी ने कहा कि पार्टी ने सिंधिया को बुलाया था, लेकिन वे नहीं आए। भाजपा ने सिंधिया की बात को झूठा करार दिया है।
विजयपुर उपचुनाव की हार
हाल ही में विजयपुर और बुधनी में उपचुनाव हुए थे, जिसमें विजयपुर में भाजपा की हार हुई थी। इस हार को लेकर भाजपा कार्यकर्ता गहन चिंतन में हैं। विजयपुर में हुई हार ने पार्टी के अंदर ही विवाद पैदा कर दिया है। विजयपुर हार के बाद केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि उन्हें प्रचार के लिए बुलाया नहीं गया। इसके बाद प्रदेश भाजपा एक्टिव हुई और भाजपा प्रदेश महामंत्री विधायक भगवानदास सबनानी ने कहा कि विजयपुर में प्रचार के लिए ज्योतिरादित्य सिंधिया को आमंत्रित किया गया था। प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और संगठन महामंत्री ने भी उन्हें आमंत्रित किया था। लेकिन कई बार आग्रह करने के बाद भी सिंधिया ने मना कर दिया था। व्यस्तता का हवाला देते हुए वे विजयपुर नहीं आए थे। उनका नाम स्टार प्रचारकों की सूची में भी शामिल था।
विपरीत बयानों से गरमाई सियासत
दोनों के विपरीत बयानों के चलते राजनीतिक गलियारों में सियासत गरमा गई है। भाजपा के अंदर इस विवाद ने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच असमंजस की स्थिति पैदा कर दी है। विजयपुर उपचुनाव में हार के बाद पार्टी के अंदर इस प्रकार के विवाद ने भाजपा की स्थिति को और भी जटिल बना दिया है।
Dakhal News
All Rights Reserved © 2025 Dakhal News.
Created By:
![]() |