भाजपा के संगठन पर्व में मध्य प्रदेश ने पार किया एक करोड़ सदस्यों का आंकड़ा
 भाजपा

भाजपा के संगठन पर्व के पहले चरण में मध्य प्रदेश ने एक करोड़ सदस्यों का आंकड़ा पार किया था। अब, सदस्यता अभियान के दूसरे चरण के अंतिम दिन, हमने निर्धारित लक्ष्य को पार कर लिया है। पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अपनी मेहनत, लगन और माइक्रो प्लानिंग के जरिए डेढ़ करोड़ का लक्ष्य पार करते हुए एक करोड़ 50 लाख, 28 हजार 107 सदस्य बनाकर नया इतिहास रच दिया है। इसके लिए मैं पार्टी कार्यकर्ताओं और केंद्रीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करता हूं। यह जानकारी बुधवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने संगठन पर्व के दौरान भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए दी।

 

मध्य प्रदेश भाजपा का सदस्यता अभियान

उन्होंने बताया कि भाजपा के सदस्यता अभियान में मध्य प्रदेश चौथा राज्य है, जिसने 1.5 करोड़ से अधिक सदस्य बनाए हैं। 

 

सक्रिय सदस्यता पर जोर

शर्मा ने कहा कि बुधवार से सक्रिय सदस्यता का अभियान शुरू हो गया है। सक्रिय सदस्य बनने के लिए 100 प्राथमिक सदस्यों को बनाना आवश्यक है। मध्य प्रदेश भाजपा इस सक्रिय सदस्यता में भी रिकॉर्ड बनाएगी।

 

कांग्रेस को नसीहत

शर्मा ने कांग्रेस नेताओं को नसीहत दी कि झूठ और छल-कपट की राजनीति करने वाले उन्हें यह समझना होगा कि सिर्फ झूठ परोसना राजनीति नहीं होती। भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमीनी स्तर पर काम करते हुए डेढ़ करोड़ से अधिक सदस्य बनाए हैं। मध्य प्रदेश में 41 लाख कार्यकर्ताओं में से तीन लाख कार्यकर्ता पूरी तरह से सदस्यता अभियान में जुटे हुए हैं। दूसरे चरण के अंतिम दिन भी 11 लाख से अधिक सदस्यों ने पंजीकरण कराया।

 

लक्ष्य प्राप्ति पर बधाई

सदस्यता के लक्ष्य को प्राप्त करने पर पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने मध्य प्रदेश भाजपा संगठन को एक्स पर बधाई दी, और लिखा कि मध्य प्रदेश देश का चौथा राज्य है, जिसने समय पर सदस्यता के अपने लक्ष्य को पूरा किया है।

 

 पिछड़ी विधानसभाओं के लिए अतिरिक्त समय

शर्मा ने यह भी कहा कि जिन विधानसभा क्षेत्रों में सदस्यता का आंकड़ा निर्धारित लक्ष्य से कम है, उन्हें प्राथमिक सदस्य बनाने के लिए और समय दिया जाएगा। इंदौर सहित कई जिलों और संभागों में बहुत अच्छा कार्य हुआ है। 

 

ऑफलाइन सदस्यता अभियान

संगठन पर्व के पहले दिन मध्य प्रदेश में 23 हजार ऑफलाइन फॉर्म भरे गए थे। सदस्यता अभियान के दूसरे चरण की समाप्ति तक प्रदेश के सभी 64,871 बूथों पर एक करोड़ 22 लाख 74 हजार 300 सदस्यों ने ऑनलाइन डिजिटल फॉर्म भरा है। इस मामले में मध्य प्रदेश देश के अन्य राज्यों में अग्रणी रहा है, हालांकि कुछ अंचल ऐसे भी हैं, जहां मोबाइल और इंटरनेट नेटवर्क सही तरीके से नहीं मिल पाता। वहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर ऑफलाइन सदस्य बनाए।

 

मुख्यमंत्री की बधाई

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भाजपा मध्य प्रदेश को डेढ़ करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया था, जिसे हमारे कार्यकर्ताओं ने निर्धारित समय में प्राप्त कर लिया। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा, संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह, सह प्रभारी सतीश उपाध्याय और सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं को इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए बधाई दी।

Dakhal News 17 October 2024

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2024 Dakhal News.