हरियाणा में कांग्रेस के चुनावी घोषणा पत्र में 7 वादे
7 promises in the election manifesto of Congress

हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने बुधवार (18 सितंबर) को मेनिफेस्टो जारी कर दिया। दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इसे रिलीज किया।

इसमें कांग्रेस ने 7 पक्के वादे किए हैं। खड़गे ने बताया कि मेनिफेस्टो 53 पन्नों का है। इसके बारे में विस्तार से चंडीगढ़ में बताएंगे।

उन्होंने बताया कि कांग्रेस की सरकार बनने पर महिलाओं को हर महीने 2 हजार रुपए देंगे। बुढ़ापा पेंशन बढ़ाकर 6 हजार की जाएगी। MSP गारंटी कानून और 300 यूनिट तक फ्री बिजली दी जाएगा।

उन्होंने युवाओं के लिए भी घोषणा की। 2 लाख नौकरियां दी जाएंगी। ओल्ड पेंशन स्कीम भी लागू करेंगे।

मेनिफेस्टो रिलीज करने के दौरान हरियाणा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान, पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्‌डा और पूर्व विधायक गीता भुक्कल मौजूद रहीं। इसमें कुमारी सैलजा और रणदीप सुरजेवाला शामिल नहीं रहे।

इनके अलावा कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल, हरियाणा के ऑब्जर्वर राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत, अजय माकन, पंजाब से नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा मौजूद रहे।

खड़गे ने कहीं 4 अहम बातें

1. बजट को देखते हुए 7 वादे किए

अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि 7 गारंटियां अनाउंस की हैं। इन गारंटी को हम लागू करेंगे। इसलिए इनका नाम हमने सात वादे-पक्के इरादे रखा है। हमारा मेनिफेस्टो 53 पन्नों का है। इन वादों को हम पक्का निभाएंगे। इसके लिए AICC ऑफिस से ये घोषणा कर रहे हैं। मैं सिर्फ इतना कहूंगा कि हमारे सात वादे जो हैं, इनका खासकर सात वर्गों में बंटवारा किया है। हमने सारे वादे बजट को देखते हुए किए हैं।

2. हरियाणा में एक्सप्रेस इंजन लगाएंगे

हरियाणा एक विकसित राज्य था, लेकिन बीजेपी ने केंद्र सरकार के इशारे पर चलने के कारण ये बर्बाद हो गया है। देश में नंबर वन रहने वाला राज्य बीजेपी ने खराब कर दिया है। ट्रेन में 2 इंजन लगते हैं। एक आगे लेकर जाता है दूसरा पीछे लेकर जाता है। ऐसी ही यहां बीजेपी की डबल इंजन सरकार है। ऐसी सरकार से अब जनता का मोह भंग हो चुका है।

बीजेपी ने 2014 से लेकर 2024 तक हरियाणा की जो बर्बादी की है, इसको हम रिपेयर करेंगे। ये डबल इंजन लगाते हैं, हम एक्सप्रेस इंजन लगाएंगे।

3. अच्छा काम न करने पर खट्‌टर को हटाया

मनोहर लाल खट्‌टर को CM कुर्सी से हटाने के मामले में खड़गे ने कहा कि जो हरियाणा के 9.5 साल तक सीएम रहे, वह आजकल दिखाई नहीं दे रहे हैं। उनको इसलिए हटाया गया क्योंकि वह अच्छा काम नहीं कर रहे थे। कोई 6 महीने में आकर तीर नहीं मारता। मोदी जी के यहां उन्हीं को आशीर्वाद मिलता है, जो वहां झुकता है।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से कांग्रेस के पक्ष में परिणाम

अब जो ये कांग्रेस के पक्ष में परिणाम आ रहे हैं, वह राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का परिणाम है। बीजेपी की जो इस समय सरकार है, वह लोगों के लिए दूरदर्शन की तरह हैं। वही दिखाया जाता है तो जो मोदी जी कहते हैं। मोदी जी उन्हीं को मिलते हैं, जो सिलेक्टेड हैं। वह सिलेक्टेड मीडिया, सिलेक्टेड जर्नलिस्ट से ही मिलते हैं।

1. हरियाणा को नंबर वन बनाएंगे

उदयभान ने कहा मेनिफेस्टो की चेयरमैन गीता भुक्कल ने पूरे देश से मेनिफेस्टो मंगाकर हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए सात गारंटियों को शामिल किया है। आपको पता है कि जब भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा मुख्यमंत्री थे, तब हरियाणा एक नंबर पर था। अब एक बार फिर से कांग्रेस हरियाणा को एक नंबर बनाएगी। लोकसभा चुनाव में भाजपा को करारा जवाब दिया था। इस संकल्प पत्र में भाजपा द्वारा सताए हुए हर वर्ग के लिए वादे हैं।

2. महिलाओं को कांग्रेस सशक्त बनाएगी

कांग्रेस महिलाओं को शक्ति देगी। बीजेपी के शासन में महिलाओं के अपहरण, बलात्कार, शोषण जैसे अपराधों में नंबर वन बना हुआ है। महिलाओं को कांग्रेस सशक्त बनाने के लिए 2000 हजार रुपए प्रति माह देगी। ये पैसा 18 वर्ष से 60 साल तक देगी। बीजेपी के शासन में सिलेंडर की कीमत 1000 रुपए तक पहुंच गई है, कांग्रेस राहत देते हुए 500 रुपए में सिलेंडर देगी।

3. बुजुर्गों-दिव्यांगों को 6 हजार रुपए पेंशन

बीजेपी और जेजेपी ने 5100 रुपए पेंशन देने का वादा किया था, लेकिन उन्होंने अपना यह वादा पूरा नहीं किया। कांग्रेस बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगों को हर माह 6 हजार रुपए पेंशन देगी। इसके साथ ही कर्मचारियों को राहत देते हुए ओपीएस बहाल करेगी।

4. युवाओं को पक्की नौकरियां देंगे

युवाओं को कांग्रेस बेहतर भविष्य देगी। इसलिए अपने घोषणा पत्र में भर्ती विधान के तहत 2 लाख सरकारी नौकरी देगी। इसके साथ ही नशा मुक्त माहौल युवाओं को देगी।

5. किसान आंदोलन में जान गंवाने वालों किसानों का स्मारक बनाएंगे

हरियाणा में जो तीनों कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों ने आंदोलन किया, इसमें जो शहीद हुए हैं उनकी याद के लिए हरियाणा में एक बड़ा स्मारक बनाएंगे। मृतक किसानों के बच्चों को सरकारी नौकरी देंगे। इसके अलावा पत्रकारों के लिए भी इलाज के लिए कैश लेस की सुविधा देंगे। पत्रकारों की पेंशन में भी बढ़ोतरी करेंगे।

6. फ्री बिजली, 25 लाख रुपए तक मुफ्त इलाज

आम लोगों को कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में राहत देने का ऐलान किया है। कांग्रेस ने अपने मेनिफेस्टों में 300 यूनिट फ्री बिजली देने का भी हरियाणा के लोगों से वादा किया है। साथ ही राजस्थान के घोषणा पत्र में शामिल स्वास्थ्य क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण योजना को शामिल किया है, इस योजना के तहत हरियाणा के लोगों को 25 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज दिया जाएगा।

7. गरीबों को मकान बनाकर देंगे

चौधरी उदयभान ने बताया कि कांग्रेस हरियाणा में गरीबी रेखा से नीचे लोगों को छत मुहैया कराएगी। इसके लिए 100 गज का प्लाट और 3.5 लाख रुपए की लागत से दो कमरों का मकान बनाकर दिया जाएगा।

8. एमएसपी पर पक्की गारंटी

किसानों के लिए भी कांग्रेस ने मेनिफेस्टों में अहम घोषणाओं को शामिल किया है। हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान ने बताया कि फसलों पर किसानों के लिए एमएसपी पर पक्की गारंटी देगी। इसके साथ ही दैवीय आपदा में खराब हुई फसलों के लिए तत्काल मुआवजा भी देगी।

9. क्रीमीलेयर की सीमा बढ़ाएंगे

चौधरी उदयभान ने कहा कि हरियाणा के पिछड़े वर्गों के लिए भी अपने मेनिफेस्टो में दो बड़े ऐलान शामिल किए हैं। पहला ऐलान हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनने पर कांग्रेस जातिगत सर्वे कराएगी। इसके साथ ही OBC की रिजर्वेशन क्रीमीलेयर की सीमा 10 लाख रुपए की जाएगी।

हुड्‌डा बोले- भाजपा के आने से हरियाणा का बेड़ा गर्क हुआ

हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि- जब हरियाणा 1966 में बना, तब ये सवाल उठे थे कि हरियाणा अपने पैरो पर खड़ा हो पाएगा कि नहीं, लेकिन पूर्व पीएम इंदिरा गांधी, राजीव गांधी ने हरियाणा को समृद्ध किया। 2014 तक हरियाणा हर मामले में नंबर वन था, लेकिन जब से बीजेपी की सरकार आई है तब से हरियाणा का बेड़ा गर्क हो चुका है।

भुक्कल बोलीं- मेनिफेस्टो के लिए 18 सब कमेटियां बनाईं

मेनिफेस्टो कमेटी की चेयरमैन गीता भुक्कल ने कहा कि हमने 18 सब कमेटियां बनाई थी। इसके साथ ही हमने सभी वर्गों के लिए न्याय चौपाल बनाई थी। जहां हमने राय शुमारी और लोगों से बातचीत करने के बाद सुझाव लिए। इसके बाद ही अपना घोषणा पत्र जारी किया है।

Dakhal News 18 September 2024

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2024 Dakhal News.