Dakhal News
नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने दावा किया है कि उनके खिलाफ एनफोर्समेंट डायरेक्टरोट (ED) रेड की प्लानिंग हो रही। राहुल ने गुरुवार देर रात 1:52 बजे X पर की गई एक पोस्ट में यह दावा किया।उन्होंने लिखा- टू-इन-1 को मेरा चक्रव्यूह भाषण पसंद नहीं आया। ED के अंदरूनी सूत्रों ने मुझे बताया कि मेरे खिलाफ रेड की योजना बनाई जा रही है। मैं ED अधिकारियों का बांहें फैलाकर इंतजार कर रहा हूं। चाय और बिस्किट मेरी तरफ से।
राहुल ने संसद में कहा था- 6 लोग देश को चक्रव्यूह में फंसा रहे
राहुल ने 29 जुलाई को संसद सत्र के दौरान बजट 2024-25 पर लोकसभा में भाषण दिया था। इसी दौरान उन्होंने बजट की तुलना महाभारत के चक्रव्यूह से की। उन्होंने कहा कि छह लोगों का एक ग्रुप पूरे देश को चक्रव्यूह में फंसा रहा है। ये 6 लोग- नरेंद्र मोदी, अमित शाह, मोहन भागवत, अजित डोभाल, अडाणी और अंबानी हैं।राहुल ने कहा था- हजारों साल पहले कुरुक्षेत्र में अभिमन्यु को चक्रव्यूह में फंसाकर 6 लोगों ने मारा था। चक्रव्यूह का दूसरा नाम है- पद्मव्यूह, जो कमल के फूल के शेप में होता है। इसके अंदर डर और हिंसा होती है।राहुल ने कहा- 21वीं सदी में एक नया 'चक्रव्यूह' रचा गया है- वो भी कमल के फूल के रूप में तैयार हुआ है। इसका चिह्न प्रधानमंत्री अपने सीने पर लगाकर चलते हैं। अभिमन्यु के साथ जो किया गया, वह भारत के साथ किया जा रहा है। देश के किसान, मजदूर और नौजवान डरे हुए हैं।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2025 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |