Patrakar Priyanshi Chaturvedi
भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा पेश किये जा रहे सुशासन रिपोर्ट पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के कुशासन के बारे में प्रदेश की 8 करोड़ जनता भली-भांति जानती है कि किस प्रकार किसान आज खाद-बीज के संकट से परेशान है, खराब फसलों के मुआवजे के लिए परेशान है, फसल बीमा की राशि नहीं मिलने के कारण परेशान है, उसकी उपज का सही मूल्य नहीं मिलने के कारण परेशान है। लगातार किसान कर्ज के दलदल में फसता जा रहा है। किसान आज आत्महत्या के लिए मजबूर हैं।
सलूजा ने सोमवार को कहा कि आज युवा रोजगार को लेकर परेशान हैं, मध्य प्रदेश में पंजीकृत बेरोजगारों का आंकड़ा 30 लाख को पार कर चुका है। आज युवा खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं, क्योंकि शिवराज सरकार ने एक लाख रोजगार प्रतिमाह देने का दावा किया था। वही आज बहन-बेटियों के दुष्कर्म के मामले में मध्यप्रदेश देश में शीर्ष पर है। एनसीआरबी के आंकड़ों में बच्चों के मामले में मध्य प्रदेश को सबसे असुरक्षित राज्य माना गया है। वही आदिवासी व पिछड़े वर्ग के साथ होने वाली दमन व उत्पीडऩ की घटनाओं में भी प्रदेश का नाम देश के शीर्ष राज्यों में शामिल है, इसके गवाह भी एनसीआरबी के आंकड़े हैं। कर्मचारी वर्ग अपनी पुरानी पेंशन बहाली को लेकर सडक़ों पर है पेंशनर अपनी डीए की मांग को लेकर सडक़ों पर हैं, आशा-उषा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अपने हक और मानदेय को लेकर सडक़ों पर हैं, चयनित शिक्षक और अतिथि विद्वान अपनी नियुक्ति की मांग को लेकर सडक़ों पर हैं और इनकी मांग को सुनने की बजाय सरकार इनका दमन करने पर उतारू है।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में भ्रष्टाचार अब चरम पर पहुंच चुका है। सारी सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार सामने आ रहा है। चाहे कन्या विवाह योजना हो, मनरेगा हो, प्रधानमंत्री आवास योजना हो, सभी योजनाओं में भ्रष्टाचार और फर्जीवाड़े सामने आ रहे हैं। लाखों छात्रों के भविष्य को अंधकार की ओर धकेलने के लिए व्यापम-2 सामने आ चुका है। लगातार योग्य छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। शिवराज सरकार प्रदेश को शराबी प्रदेश बनाने पर तुली है। दूध महंगा और शराब सस्ती हो गयी है। उसके बाद भी यदि शिवराज सरकार इसे सुशासन कहती है तो बड़ा ही आश्चर्य होता है।
नरेन्द्र सलूजा ने कहा कि ऐसे समय जब आज हर वर्ग परेशान हैं शिवराज सरकार के कुशासन से त्रस्त है, तब दिल्ली में जाकर सुशासन का इवेंट किया जा रहा है। यह उसी प्रकार का मजाक है। जैसे पिछले 2 वर्षों में किसानों की आय भी सरकार ने दोगुनी कर दी, सडक़ें अमेरिका से अच्छी बना दी हैं। प्रदेश में कोई युवा बेरोजगार नहीं रहा, महिलाएं सबसे ज्यादा सुरक्षित हैं, हर वर्ग सुखी है, ऐसा यह व्यंग और मजाक दिखाई पड़ता है।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |