Patrakar Priyanshi Chaturvedi
ग्वालियर। कभी पश्चिमी विक्षोभ आने तो कभी चक्रवात बनने से मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। इसी क्रम में शनिवार को ग्वालियर के गगन में सुबह से दोपहर तक आंशिक बादल छाए रहे जबकि दोपहर बाद मौसम साफ रहा। इसके चलते अधिकतम तापमान में आंशिक वृद्धि दर्ज की गई है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि रविवार से तीन दिन तक तेज गर्मी पडऩे की संभाना है जबकि 11 मई को जम्मू-कश्मीर में एक और पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है। इस वजह से एक बार फिर बादल घुमड़ सकते हैं। जिससे तापमान में फिर से गिरावट होगी।
शनिवार को सुबह से दोपहर तक आसमान में कभी आंशिक तो कभी मध्यम बादल छाए रहे जबकि दोपहर होते ही मौसम साफ हो गया। इसके चलते दोपहर में सूरज के तेवर काफी तल्ख नजर आए। साथ ही चार से छह किलोमीटर प्रति घंटे की गति से कभी पश्चिमी तो कभी उत्तर-पश्चिमी गर्म हवाएं भी चलती रहीं। जिससे पिछले दिन की तुलना में अधिकतम तापमान 1.3 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 41.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जो औसत से 0.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है जबकि न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस आंशिक गिरावट के साथ 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 0.1 डिग्री सेल्सियस अधिक है।
स्थानीय मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि वर्तमान में पंजाब और पूर्वी मध्यप्रदेश में बने चक्रवातों का ग्वालियर-चम्बल में कोई असर नहीं है। उधर राजस्थान में गर्मी का प्रकोप बढऩे लगा है और वहां से उत्तर-पश्चिमी गर्म हवाएं आना शुरू हो गई हैं। जिससे अब तापमान बढ़ेगा और दस मई तक भीषण गर्मी पडऩे की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। इसके बाद 11 मई को एक और पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर में पहुंचेगा जो अभी उत्तरी अफगानिस्तान में मौजूद है। इसके प्रभाव से ग्वालियर-चम्बल में एक बार फिर से बादल छाने की संभावना है। इसका असर दो से तीन दिन तक रहेगा। इस दौरान तेज हवाओं के साथ कहीं-कहीं छुटपुट बारिश भी हो सकती है।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |