Patrakar Priyanshi Chaturvedi
भोपाल। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ शनिवार को राजधानी भोपाल में आयोजित दलित विश्व समाज संगठन, संविधान बचाओ मंच एवं प्रांतीय कुशवाहा समाज, मप्र के संयुक्त तत्वाधान में विश्व विजेता सम्राट अशोक, शिक्षा के अग्रदूत महात्मा ज्योतिवाराव फुले एवं संविधान निर्माता बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के संयुक्त रूप से आयोजित जयंती महोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज देश और प्रदेश की तस्वीर आप सबके सामने है। आज का नौजवान भटक रहा है। वहीं नौजवान जो भविष्य में मप्र का निर्माण करेगे, उनका भविष्य अंधेरे में है। बाबा साहेब ने देश को ही संविधान नहीं दिया, पूरे विश्व में उनके संविधान का सम्मान किया है। यही नहीं बहुत सारे देशों ने बाबा साहेब के संविधान की नकल की है। बाबा साहेब के सामने चुनौती थी कि जहां इतनी अनेकता थी, इतनी विभिन्न थी कैसा संविधान बनाया जाये।
कमलनाथ ने कहा कि आपने यहां आकर मुझे बल और शक्ति दी है। कांग्रेस का सम्मान किया है। देश की तरफ देखें आज देश को सामाजिक रूप से आर्थिक रूप से बांटा जा रहा है। कैसे भारत की संस्कृति जो हमें जोडऩे की संस्कृति है उस पर आक्रमण किया जा रहा है। कोई ऐसा देश नहीं है जहां इतनी जातियां हैं, इतने धर्म, इतनी रस्में, इतने त्यौहार हैं, इतने देवी-देवता है। भारत की महानता है कि आज देश एक झंडे के नीचे खड़ा है। आज भारत की संस्कृति पर हमला किया जा रहा है, बाबा साहेब के संविधान के साथ छेड़छाड़ की जा रही है। बाबा साहेब द्वारा बनाया संविधान गलत हाथों में चला गया तो देश का भविष्य क्या होगा। यह आपके यह आपके सामने चुनौती है।
इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने केन्द्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 2014 में मोदी जी ने दो करोड़ रोजगार देने की बात की, किसानों की आय दोगुनी करने की बात की, 2019 में पाकिस्तान और राष्ट्रवाद की बात करने लगे लेकिन किसानों की, नौजवानों की बात नहीं की। ये हमें राष्ट्रवाद का पाठ पढ़ाने लगे। इनकें पास एक नाम नहीं है जो स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रहा हो, भाजपा के लोग सीधी-साधी जनता को कैसे गुमराह करते है। वहीं सीएम शिवराज पर भी तंज कसते हुए कहा कि शिवराज जी रोज नयी घोषणाएँ करने से बाज नहीं आ रहे हैं। शिवराज जी एक कलाकार है वे लोगों को गुमराह करनें की कला में माहिर हैं। उन्होंने 20 हजार घोषणाए की हैं कितनी पूरी हुई पूरा प्रदेश जानता है। शिवराज जी इतना झूठ बोलतें हैं कि झूठ भी शर्मा जाए। इनके पास केवल पुलिस ,पैसा और प्रशासन है। जिससे ये लोगों को डराने और धमकाने का काम करते हैं।
पूर्व सीएम ने कहा आज प्रदेश की ऐसी तस्वीर आप सबके सामने है। हमें देश और प्रदेश भविष्य सुरक्षित रखना है ये चुनौती हमारे सामने है। आज आप सब लोगों यह जिम्मेदारी है कि जो ये कलाकारी करने वाले लोग हैं उनकी इस कलाकारी को हमें खत्म करना है। यदि आप लोगों ने ठान लिया तो मप्र विधानसभा में फिर कांग्रेस का झंडा लहराने से कोई नहीं रोक सकता।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2025 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |