Patrakar Priyanshi Chaturvedi
ग्वालियर। मौसम एक बार फिर गर्म होने की ओर अग्रसर होता दिख रहा है। राजस्थान में हीट वेव की स्थिति निर्मित हो जाने से वहां से आ रहीं पछुआ गर्म हवाओं के चलते ग्वालियर-चम्बल संभाग में तापमान फिर से बढऩे लगा है। शनिवार को मौसम साफ हो जाने के बाद आंशिक उछाल के साथ तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि रविवार से ग्वालियर सहित आसपास के क्षेत्रों में हीट वेव (लू) की स्थिति निर्मित हो सकती है।
बता दें कि ग्वालियर सहित मध्यप्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में इस बार मार्च के अंतिम सप्ताह में ही हीट वेव की स्थिति बन गई थी जो दस अप्रैल तक जारी रही। इसके बाद आए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आंशिक बादल छाए रहने और हवाओं की दिशा बदल जाने से तापमान में आई गिरावट के चलते लू से राहत बनी हुई है लेकिन अब पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होने के साथ ही राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली आदि राज्यों में हीट वेव की स्थिति निर्मित हो गई है। इसके साथ ही ग्वालियर-चम्बल अंचल में उत्तर-पश्चिमी गर्म हवाएं आना शुरू हो गई हैं। शनिवार को भी ग्वालियर में दोपहर तक आसमान में आंशिक बादल देखे गए जबकि दोपहर बाद मौसम साफ हो गया। दिन भर चार किलोमीटर प्रति घंटे की गति से उत्तर-पश्चिमी गर्म हवाएं भी चलती रहीं। जिससे पिछले दिनों की अपेक्षा आज धूप काफी तेज रही।
स्थानीय मौसम वैज्ञानिक सीके उपाध्याय ने बताया कि मौसम शुष्क हो जाने के साथ हवाओं की दिशा उत्तर-पश्चिमी हो जाने से रविवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है जबकि अगले दो दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। इसके चलते अगले तीन दिन तक लू का प्रकोप बढऩे की संभावना है लेकिन इस बार लू की स्थिति ज्यादा लंबी नहीं रहेगी क्योंकि उत्तर भारत में 19 अपै्रल को एक और पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है। जिसका असर 20 व 21 अप्रैल को ग्वालियर-चम्बल में भी नजर आएगा। इस दौरान तापमान में गिरावट होगी लेकिन पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होने के बाद तापमान फिर से बढ़ेगा।
तीन दिन से 23 डिग्री पर टिका है न्यूनतम पारा: अधिकतम तापमान में भले ही वृद्धि हो रही है लेकिन न्यूनतम तापमान पिछले तीन दिन से 23 डिग्री सेल्सियस पर ही टिका हुआ है। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार शनिवार को भी न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस पर ही टिका रहा जो औसत से 1.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है जबकि अधितम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस आंशिक वृद्धि के साथ 42.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह भी औसत से 3.1 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आज सुबह हवा में नमी 42 और शाम को 21 प्रतिशत दर्ज की गई।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |