मशहूर म्यूजिक कम्पोजर वाजिद खान के निधन पर बॉलीवुड हस्तियों ने जताया शोक
mumbai,Bollywood celebrities mourn, passing away ,famous music composer ,Wajid Khan

मुंबई। 

 

फिल्म जगत में साजिद-वाजिद की जोड़ी बॉलीवुड की मशहूर म्यूजिक कम्पोजरों में से एक मानी जाती हैं, लेकिन यह जोड़ी वाजिद खान के निधन के साथ ही टूट गई। म्यूजिक कम्पोजर वाजिद खान अब नहीं रहे। महज 42 साल की उम्र में उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया है। वह किडनी की बीमारी से जूझ रहे थे। रविवार शाम को उनकी तबियत बिगड़ने पर उन्हें मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। बताया जा रहा है कि वह कोरोना से भी संक्रमित थे। वाजिद खान सिर्फ एक अच्छे म्यूजिक कम्पोजर ही नहीं, बल्कि अच्छे गायक भी थे। वाजिद खान के आकस्मिक निधन से पूरा बॉलीवुड सदमे में है। बॉलीवुड हस्तियों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया के जरिये श्रद्धांजलि दी है।

 
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने ट्वीट किया-'वाजिद खान के निधन से सदमे में हूं। एक उज्ज्वल मुस्कुराती प्रतिभा गुजर गई। दुआएं, प्रार्थना और संवेदना।'
 
अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा ने ट्विटर पर लिखा-'वाजिद भाई, आप सबसे अच्छे इंसान थे। हमेशा मुस्कुराया करते थे। हमेशा गाते रहते। उनके साथ हर म्यूजिक सेशन यादगार रहा है। आप वाकई बहुत आएंगे वाजिद भाई।'
अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने ट्वीट किया-'बेहद दुखद खबर, एक बात जो मुझे हमेशा याद रहेगी वह है वाजिद भाई की हंसी। उनका हमेशा मुस्कुराते रहना, बहुत जल्दी चले गए। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदना। आपकी आत्मा को शांति मिले मेरे दोस्त। आप मेरे विचारों और प्रार्थना में हो।'
 
अक्षय कुमार ने ट्वीट किया-'वाजिद खान के आकस्मिक निधन की खबर सुनकर हैरान और दुखी हूं। अच्छी प्रतिभा बहुत जल्द चली गई। भगवान इस मुश्किल समय में उनके परिवार को शक्ति दें।'
 
अभिनेत्री प्रिटी जिंटा ने लिखा-'मैं उन्हें अपना भाई कहती थी। प्रतिभाशाली होने के अलावा वह बहुत मधुर भी थे। मेरा दिल टूट गया है। मुझे वाजिद खान को प्यारा वाला गुडबाय कहने का मौका भी नहीं मिला। वाजिद खान मैं आपको हमेशा याद करूंगी।'
 
फिल्ममेकर करण जौहर ने भी वाजिद खान के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए लिखा-'भगवान आपकी आत्मा को शांति दे वाजिद खान। आपका संगीत हमेशा जीवित रहेगा... परिवार और प्रियजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदना, बहुत जल्द चले गए।'
संगीतकार सलीम मर्चेंट ने वाजिद खान के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए लिखा-'साजिद-वाजिद फेम के मेरे भाई वाजिद के निधन के खबर से मुझे काफी दुख पहुंचा है। भाई, तुम बहुत जल्दी गए। यह हमारी बिरादरी के लिए बहुत बड़ा झटका है। मैं टूट गया हूं।'
 
अदनान सामी ने वाजिद खान के निधन पर लिखा-'वह हैरान हैं और एक प्यारे भाई वाजिद को खो दिया है। मैं इस दुखद समाचार को सहन नहीं कर पा रहा हूं, क्योंकि उनके अंदर एक खूबसूरत आत्मा थी।'सिंगर सोनू निगम ने इंस्टाग्राम पर वाजिद खान की एक पुरानी तस्वीर शेयर कर उन्हें याद किया और लिखा-'हमोरा दोस्त हमें छोड़कर चला गया।'
 
मीका सिंह ने इंस्टाग्राम पर वाजिद खान की तस्वीर शेयर कर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने लिखा-'हम सबके लिए काफी दुखद समाचार है। सबसे टैलंटेड सिंगर और कम्पोजर जिन्होंने इतने सारे हिट दिए हैं, मेरे बड़े भाई वाजिद खान हमें छोड़ गए। अल्लाह उनकी आत्मा को शांति दे। आपको हमेशा प्यार और सदा मिस करेंगे भाई। आपका म्यूजिक सदाबहार है, बॉलिवुड के लिए बहुत बड़ी क्षति।'
 
अभिनेता वरुण धवन ने लिखा-'वाजिद खान के बारे में सुनकर सदमे में हूं। वह मेरे और मेरे परिवार के बेहद करीब थे। वह मेरे आसपास रहने वाले सबसे अधिक पॉजिटिव लोगों में से एक थे। हम हमेशा आपको याद करेंगे, आपके बेहतरीन म्यूजिक के लिए शुक्रिया।'
 
वाजिद खान का निधन फिल्म जगत और पूरी म्यूजिक इंडस्ट्री के लिए अपूरणीय क्षति है। मनोरंजन जगत से जुड़ी हस्तियों के साथ-साथ उनके फैंस के लिए भी इस खबर पर यकीन करना मुश्किल हो रहा है कि वाजिद खान अब नहीं रहे। वाजिद खान के निधन पर उनके फैंस के साथ-साथ मनोरंजन जगत की तमाम हस्तियों ने शोक जताया है। 
Dakhal News 1 June 2020

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2025 Dakhal News.