Dakhal News
26 March 2024
7 यात्रियों की मौत,36 यात्री घायल
भोपाल से छतरपुर जा रही यात्री बस देर रात रीछन नदी के पुल से नीचे गिर गई थी | इस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई है वहीं तीन दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं | इस हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को प्रदेश सरकार ने 4-4 लाख रुपए का मुआवजा देने का ऐलान किया है |
भोपाल से छतरपुर जा रही यात्री बस रायसेन से पहले दरगाह के पास रीछन नदी के पुल से नदी में गिर गई यह हादसा रात डेढ़ बजे के करीब हुआ इस हादसे में सात यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है | लेकिन उनकी शिनाख्त नहीं हो पाई है, जबकि तीन दर्जन से ज्यादा लोगों के घायल होने की जानकारी है |कोतवाली पुलिस के मुताबिक छतरपुर जा रही बस पुल पर पहुंचने से पहले अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी | रात होने की वजह से अधिकतर यात्री नींद में थे | बस के गिरते ही चीखपुकार मच गई | जिसे सुनकर स्थानीय लोग मदद के लिए तत्काल मौके पर पहुंच गए | वहीं लोगों ने पुलिस को सूचित किया जिस पर कोतवाली पुलिस बस व एसडीआरएफ की टीम भी राहत के लिए तत्काल मौके पर पहुंच गई | रात ढाई बजे तक सात यात्रियों के शव नदी में आधी डूबी बस से निकाले जा चुके थे | वहीं 3 दर्जन से ज्यादा घायल यात्रियों को बस से निकालकर इलाज के लिए विभिन्न वाहनों से रायसेन जिला अस्पताल भेजा गया | घायलों में कुछ यात्रियों की स्थिति गंभीर है | बताया जा रहा है कि यहां पुलिया के पास एक गड्ढा है, इसमें तेज रफ्तार बस का बैलेंस बिगड़ गया और वह ब्रिज की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे उफनती हुई नदी में जा गिरी | हादसे में कुछ यात्रियों के पानी में बहने की बात भी सामने आ रही है | हादसे में यात्रियों को बचाने के लिए पानी में उतरी रेस्क्यू टीम को अंधेरे में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा | बस में फंसे यात्रियों को निकालने में टीम के कुछ सदस्यों को बस की खिड़की के कांच भी लग गए बस को रस्सी के सहारे खींचकर सीधा किया गया और फिर यात्रियों को रस्सी के जरिए लाइफ जैकेट पहनाकर बाहर निकाला गया | रेडक्रॉस से फौरी मदद के तौर पर मृतकों के परिजनों को 10-10 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है |वहीं दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को साढ़े सात हजार रुपए और घायलों को पांच-पांच हजार रुपए की सहायता राशि दी गई | आज सुबह प्रदेश के शिक्षा मंत्री प्रभुराम चौधऱी घायलों से मिलने रायसेन अस्पताल पहुंचे और उन्होंने बताया मृतकों के परिजनों को शासन चार चार लाख रुपये की आर्थिक मदद देगा |
Dakhal News
3 October 2019
All Rights Reserved © 2024 Dakhal News.
Created By: Medha Innovation & Development
|