Patrakar Vandana Singh
जबलपुर में कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस विधायक तरुण भनोट पुलिस की जीप पर बैठकर पुलिस थाने गए। कांग्रेस विधायक भनोट और अन्य कांग्रेसी गिरफ़्तारी को लेकर टीआई पर भड़के।इसके बाद वे जीप पर बैठ कर थाने गए। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। पुलिस ने बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार भी किया। कार्यकर्ता सीएम और बीजेपी सरकार का किसान आंदोलन मामले में विरोध कर रहे हैं।
गोलीकांड में मंदसौर कलेक्टर और एसपी को हटाया गया
किसान आंदोलन के दौरान पुलिस फायरिंग में 6 किसानों की मौत के बाद जिले में हालात बेकाबू हो गए है। गोलीकांड के चलते मंदसौर कलेक्टर स्वतंत्र कुमार सिंह और एसपी ओपी त्रिपाठी को हटा दिया गया है। फायरिंग में किसानों की मौत के बाद मंदसौर सहित आस-पास के जिलों में भी किसान उग्र आंदोलन पर उतर गए। बुधवार के दिन गोलीकांड में मारे गए किसानों के शव सड़क पर रखकर परिजनों ने चक्काजाम कर दिया था। इस दौरान कलेक्टर स्वतंत्र कुमार सिंह जब उन्हें समझाने गए तो उनके साथ मारपीट हुई।
शिवपुरी कलेक्टर ओपी श्रीवास्तव को मंदसौर का कलेक्टर बनाए जाने के आदेश आने के बाद रात को ही वे मंदसौर रवाना हो गए थे। भोपाल से उन्हें सुबह ही मंदसौर में ज्वाइनिंग देने के आदेश दिए गए थे। गुरुवार सुबह मंदसौर पहुंचकर उन्होंने ज्वाइनिंग दी। वहीं दूसरी ओर शिवपुरी के नए कलेक्टर बनाए गए तरूण राठी को भी शिवपुरी में गुरुवार को ही ज्वाइनिंग के निर्देश दिए गए हैं।
स्वतंत्र कुमार सिंह को मंदसौर कलेक्टर से उप सचिव मध्यप्रदेश शासन बनाया गया।ओम प्रकाश श्रीवास्तव को शिवपुरी कलेक्टर से मंदसौर कलेक्टर बनाया गया। तन्वी सुन्द्रियाल को रतलाम कलेक्टर बनाया गया ,तरूण राठी को शिवपुरी कलेक्टर बनाया गया।कौशलेंद्र विक्रम सिंह को आयुक्त, नगर पालिक निगम, सागर से कलेक्टर नीमच बनाया गया।
एसपी के तबादले
ओपी त्रिपाठी एसपी मंदसौर से सहायक पुलिस महानिरीक्षक भोपाल ,मनोज कुमार एसपी नीमच से एसपी मंदसौर ,तुषारकान्त विद्यार्थी एसपी रेल भोपाल से एसपी नीमच।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |