Patrakar Priyanshi Chaturvedi
मोतीलाल वोरा बंगला खाली करने में हुए भावुक
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और यूपी के राज्यपाल रहे कांग्रेस नेता मोतीलाल वोरा मध्यप्रदेश सरकार द्वारा अपने बंगले को खाली कराने के नोटिस से खुश नहीं है। उनका कहना है कि उनका बंगला क्यों खाली कराया जा रहा है इस बारे में सरकार से पूछा जाना चाहिए। वोरा ने कहा कि सरकार की ओर से जो नोटिस मिला है उसमें बंगला खाली करने का कोई कारण भी नहीं बताया गया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा आज सुबह चौहत्तर बंगले स्थित अपने सरकारी बंगले पहुंचे। यहां पत्रकारों से चर्चा में उन्होंने कहा कि उन्हें सरकार की ओर से भेजा गया नोटिस कल ही मिला है। इसमें मुझसे तीस सितम्बर तक बंगला खाली करने को कहा गया है। वोरा ने बताया कि नोटिस मिलते ही मैंने भोपाल आने का कार्यक्रम बनाया और तय किया कि आज ही बंगला खाली कर दूं।
सिर्फ आपको ही क्यों नोटिस दिया गया है, वोरा ने कहा कि वे इस बारे में कुछ नहीं कहना चाहते। बंगला खाली कराने का फैसला सरकार का है और वे इस पर अमल करेंगे। उन्होंने यह जरूर जोड़ा कि छत्तीसगढ़ में भी उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री ने के नाते कोई सरकारी बंगला आवंटित नहीं है। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस नेता मानक अग्रवाल, विनोद डागा और अशोक सिंह मौजूद थे।
80 के दशक में प्रदेश की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों में कांग्रेस के राजनीति के चाण्क्य कहलाए जाने वाले दिग्गज नेता अर्जुन सिंह का विकल्प मोतीलाल वोरा हुआ करते थे। भोपाल के गलियारों में अर्जुन सिंह का बंगला सी-19 और मोतीलाल वोरा का 74 बंगले स्थित घर बी-29 हमेशा राजनीति सरगर्मियों के केंद्र रहे। अर्जुन सिंह के धुर विरोधी हमेशा इस बंगले पर देखे गए और वोरा के विरोधी हमेशा सी-19 पर देखे गए।
मोतलाल वोरा को चौहत्तर बंगले में बी- 29 बंगला तब अलॉट हुआ था जब वे अर्जुन सिंह मंत्रिमंडल में राज्यमंत्री बने थे। तब से यह बंगला लगातार उनके पास है। प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने के बाद भी छह महीने तक उन्होंने इस बंगले से सरकारी कामकाज निपटाया था। केन्द्र में स्वास्थ्य मंत्री और बाद में यूपी का राज्यपाल रहने के बाद उन्हें यह बंगला पूर्व मुख्यमंत्री की हैसियत से मिला रहा। इस बंगले में सालों गुजारने और उससे लगाव के सवाल पर उन्होंने कहा कि बंगले से नहीं पर भोपाल की जनता से बेहद लगाव है। यहां की जनता ने मुझे बहुत प्यार दिया है।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |