Patrakar Priyanshi Chaturvedi
कैलाश विजयवर्गीय और प्रभात झा के पुत्र भी कतार में
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की परिवारवाद को लेकर दी गई सीख के बाद भी प्रदेश के कई मंत्री और नेता अपने पुत्रों को युवा मोर्चा के जरिए राजनीति में आगे लाने की कवायद मेंलग गए हैं। मंत्रीपुत्रों को मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी में एडजस्ट करने के दबाव के चलते नई टीम का ऐलान लटक गया है। इसके अलावा संगठन के भी कई नेता अपने पुत्रों को नई सूची मे जगह दिलान को लेकर पर्दे के पीछे से सक्रिय हो गए हैं। अभिलाष पांडे को युवा मोर्चा का अध्यक्ष बने दो माह से अधिक का समय हो गया है। इस दौरान वे प्रदेश के अधिकांश हिस्सों का दौरा भी कर चुके हैं। अपनी टीम को लेकर पांडे की प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं से बात हो चुकी है। सूत्रों की माने तो सूची फाइनल होने में नेतापुत्रों को कार्यकारिणी में लेना बड़ी बाधा बन रहा है।
संघ भाजपा में परिवारवाद का विरोध कर रहा है। संघ नेता संगठन को साफ कर चुके हैं कि भाजपा संगठन में किसी मोर्चे में परिवारवाद की झलक न दिखाई दे। इससे संगठन नेता फूंक-फूंक कर कदम रख रहे हैं।
युवा मोर्चा की नई टीम में केवल प्रदेश उपाध्यक्ष, महासचिव और प्रदेश मंत्री जैसे पदों पर 25 लोगों की नियुक्ति होनी है। अधिकांश नेता इन पदों पर अपने समर्थकों को चाह रहे हैं।
मंत्री गोपाल भार्गव के पुत्र अभिषेक भार्गव युवा मोर्चा में अभी प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। वे अध्यक्ष पद की दौड़ में भी थे।
वित्त मंत्री जयंत मलैया के पुत्र सिद्धार्थ मलैया पूर्व में प्रदेश कार्यकारिणी की सदस्य रह चुके हैं। वे इस बार भी पद के दावेदार हैं।
किसान कल्याण मंत्री गौरीशंकर बिसेन की बेटी मौसम बिसेन भी राजनीति में सक्रिय हैं। वे पिता की अनुपस्थिति में क्षेत्र भी संभालती है। अब युवा मोर्चा में उनके पद की दावेदारी है।
वन मंत्री गौरीशंकर शेजवार द्वारा अगला चुनाव न लड़ने की घोषणा के बाद उनके पुत्र मुदित शेजवार सक्रिय है। अपनी राजनीतिक सक्रियता के चलते वे भी संगठन मेंं पद के दावेदार हैं।
ऊर्जा मंत्री पारस जैन के पुत्र संदेश जैन को भी मंत्री समर्थक जिले के नेता युवा मोर्चा में पद दिलाकर उन्हें सक्रिय राजनीति में लाने में लगे हैं।
पीएचई मंत्री कुसुम मेहदेले के भतीजे पार्थ मेहदेले पन्ना की राजनीति में खासे सक्रिय हैं। पार्थ अभी पन्ना में युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष हैं।और प्रदेश में पद चाह रहे हैं।
इसके अलावा पूर्व मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के पुत्र आकाश और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा के पुत्र तुषमुल झा का नाम भी युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी के चल रहा है।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |