Dakhal News
कूनो नेशनल पार्क से निकला चीता CCB-4 करीब 36 घंटे में 150 किलोमीटर का सफर तय कर गुना जिले के फतेहगढ़ क्षेत्र के सरखेड़ा गांव के जंगलों तक पहुंच गया। सोमवार सुबह राजस्थान सीमा से लगे इस इलाके में चीते की मौजूदगी सामने आने के बाद वन विभाग सतर्क हो गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, चीता शनिवार शाम मध्य प्रदेश की सीमा पार कर राजस्थान के बारां जिले के कुरकुटी गांव के जंगलों की ओर चला गया था। इसके बाद दुआ, सिलोरी, केदारकुई, खुशियारा और अजरोड़ा के जंगलों से होते हुए नाहरगढ़ क्षेत्र पहुंचा और सोमवार सुबह सरखेड़ा के आसपास देखा गया।
चीते की लगातार बदलती लोकेशन पर कूनो नेशनल पार्क और गुना वन विभाग की संयुक्त टीमें नजर बनाए हुए हैं। जीपीएस कॉलर और ग्राउंड ट्रैकिंग टीमों की मदद से उसकी गतिविधियों को ट्रैक किया जा रहा है। वन विभाग की टीमें चीते को सुरक्षित तरीके से वापस कूनो नेशनल पार्क लाने की कोशिश में जुटी हैं। वहीं, सरखेड़ा और आसपास के गांवों में चीते की मौजूदगी से ग्रामीणों और किसानों में डर का माहौल है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और जंगल की तरफ नहीं जाने की सलाह दी है।
इस बीच कूनो के एक अन्य चीते KNG-22 की मुरैना-श्योपुर सीमा के पास सामान्य वन क्षेत्र में हुई मौत का मामला भी चर्चा में है। खबर के मुताबिक, इस चीते की हत्या की आशंका जताई जा रही है और मामले में मुरैना के वन मंडल अधिकारी समेत कई अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, इस मामले में विभागीय अधिकारियों की ओर से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। अधिकारियों का कहना है कि चीते की मौजूदा लोकेशन सार्वजनिक करने से उसकी सुरक्षा को खतरा हो सकता है।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |