Dakhal News
मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और बौछारें दर्ज की जा रही हैं, वहीं ग्वालियर और चंबल संभाग में अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के 21 जिलों में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। राजगढ़, नीमच, उज्जैन, ग्वालियर, मुरैना समेत कई जिलों में मौसम का असर देखने को मिल सकता है। बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल और जबलपुर संभाग के कुछ जिलों में बारिश दर्ज की गई, जबकि प्रदेश के अन्य संभागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा। ग्वालियर और चंबल संभाग में अधिकतम तापमान में 2.4 से 2.8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। चंबल संभाग में तापमान सामान्य से 4.4 डिग्री तक नीचे रहा, जबकि ग्वालियर संभाग में यह सामान्य से 2 डिग्री कम दर्ज किया गया। इसके विपरीत, इंदौर संभाग में अधिकतम तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री तक अधिक रहा। शनिवार सुबह 8:30 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक, उज्जैन जिले के झारड़ा में सबसे अधिक 10 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं, विजयपुर में 8 मिलीमीटर, सबलगढ़ में 6 मिलीमीटर और धार में 3.4 मिलीमीटर वर्षा हुई।
मौसम विभाग के भोपाल केंद्र ने राजगढ़, आलीराजपुर, झाबुआ, धार, रतलाम, उज्जैन, आगर मालवा, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में बारिश की संभावना जताई है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की गई है। मौसम में इस बदलाव के पीछे कई मौसमी प्रणालियों का सक्रिय होना बताया जा रहा है। उत्तरी हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ से जुड़ा चक्रवातीय परिसंचरण मौजूद है। इसके अलावा दक्षिण-पूर्वी राजस्थान और दक्षिणी मध्य प्रदेश के आसपास तथा उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी ऊपरी हवा के चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय हैं। इनके प्रभाव से प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले पांच दिनों तक प्रदेश के तापमान और मौसम की स्थिति में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |