Dakhal News
इंदौर के विजय नगर स्थित आईडीए ग्राउंड में बुधवार को सेवा ज्योति संकल्प कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और उनके कार्यकाल को लेकर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और लोग शामिल हुए। अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों से कार्यकर्ता तिरंगा लेकर कार्यक्रम स्थल पहुंचे और प्रधानमंत्री का वर्चुअल संबोधन सुना। कार्यक्रम में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, तुलसी सिलावट, सांसद शंकर लालवानी समेत कई विधायक और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे। संबोधन के बाद विजयवर्गीय ने जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को विकसित भारत के निर्माण का संकल्प दिलाया।
संकल्प कार्यक्रम के बाद दीप प्रज्ज्वलन के साथ सेवा ज्योति मशाल यात्रा की शुरुआत की गई। कैलाश विजयवर्गीय मशाल लेकर विजय नगर थाने के सामने बनाए गए मशाल स्थल तक पहुंचे और वहां सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित की। इसके बाद अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों के लिए कार्यकर्ता बाइक से रवाना हुए। यात्रा में संबंधित विधानसभा का रथ सबसे आगे रहा, जबकि उसके पीछे कार्यकर्ता मशाल लेकर चले। आयोजकों के मुताबिक, प्रत्येक बूथ से कार्यकर्ता लाभार्थियों को साथ लेकर कार्यक्रम में पहुंचे थे और आईडीए ग्राउंड पर सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई थी।
भाजपा नेताओं ने सेवा ज्योति यात्रा को जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के कश्मीर आंदोलन से भी जोड़ा। पार्टी नेताओं के मुताबिक, धारा 370 के विरोध में मुखर्जी के आंदोलन और बाद में इसके हटाए जाने को इस यात्रा के संदेश से जोड़ा गया। इसी क्रम में आईडीए ग्राउंड से मशाल को श्यामाप्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा स्थल तक ले जाकर वहां सेवा ज्योति स्थापित की गई। वहीं, कार्यक्रम के दौरान कुछ सफाईकर्मी अपनी मांगों को लेकर आईडीए ग्राउंड पहुंचे और प्रदर्शन किया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल में प्रवेश करने की कोशिश भी की।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |