Dakhal News
रीवा और सीधी जिले के रेल यात्रियों के लिए जल्द राहत की उम्मीद है। रीवा से रामपुर नैकिन के बीच यात्री ट्रेन शुरू करने की तैयारियां तेज हो गई हैं। रेलवे ट्रैक और स्टेशनों पर जरूरी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है और 10 अक्टूबर से ट्रेन संचालन शुरू करने की तैयारी की जा रही है। पश्चिम मध्य रेलवे के जीएम दिलीप सिंह गुरुवार को सतना से देवेंद्रनगर रेलखंड का निरीक्षण करने वाले हैं। संभावना है कि इस दौरान रीवा-रामपुर नैकिन के बीच तैयार ट्रैक का भी निरीक्षण किया जाए। हालांकि इस हिस्से के निरीक्षण को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। निरीक्षण के बाद रेलवे की ओर से ट्रेन संचालन को मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
रीवा-रामपुर नैकिन रेल लाइन ललितपुर-सिंगरौली रेल परियोजना का हिस्सा है। रीवा से चुरहट तक ट्रैक का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि चुरहट से सीधी तक काम जारी है और इस हिस्से को 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। रीवा जिले में सिलपरा और गोविंदगढ़ में नए रेलवे स्टेशन भी तैयार किए गए हैं, लेकिन निर्माण पूरा होने के बाद से ये स्टेशन अब तक यात्री सेवा शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। रेलवे ने अब स्टेशन और ट्रैक की सफाई, चूना डालने समेत दूसरी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। ट्रेन सेवा शुरू होने से रीवा और सीधी के बीच आने-जाने वाले यात्रियों को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है।
इधर, बिलासपुर-रीवा के बीच चलने वाली ट्रेन को रामपुर नैकिन तक बढ़ाने की संभावना पर भी काम चल रहा है। रेलवे ऐसा समय-सारणी तैयार करने की कोशिश कर रहा है, जिससे दूसरी प्रमुख ट्रेनों से आने वाले यात्रियों को आगे की यात्रा के लिए सुविधा मिल सके। हालांकि विस्तार का आधिकारिक नोटिफिकेशन अभी जारी नहीं हुआ है। दूसरी ओर, जबलपुर-रीवा शटल में पुराने कोचों की जगह LHB कोच लगाए गए हैं, जिससे यात्रा पहले के मुकाबले ज्यादा सुविधाजनक होने की उम्मीद है। रेलवे रीवा से चलने वाली कुछ अन्य ट्रेनों के कोच रेक को भी आने वाले समय में LHB रेक से बदलने की तैयारी कर रहा है।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |