Dakhal News
मध्य प्रदेश की राजनीति में पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा की सक्रियता एक बार फिर चर्चा में है। मंगलवार को वे प्रदेश के राजस्व मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता करण सिंह वर्मा के भोपाल स्थित आवास पर पहुंचे। यहां उन्होंने करण सिंह वर्मा को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और पुष्पगुच्छ भेंट किया। दोनों नेताओं के बीच कुछ देर बातचीत भी हुई। मुलाकात के दौरान दोनों को साथ चलते और आपस में चर्चा करते देखा गया, जिसके बाद राजनीतिक हलकों में इस मुलाकात को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं।
दरअसल, करण सिंह वर्मा के जन्मदिन के मौके पर उन्हें बधाई देने के लिए भाजपा के कई नेता, मंत्री और विधायक उनके आवास पर पहुंच रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समेत प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और पार्टी के अन्य नेताओं ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं। इसी दौरान नरोत्तम मिश्रा की मौजूदगी ने इस मुलाकात को खास बना दिया। नरोत्तम मिश्रा की पार्टी संगठन और सत्ता से जुड़े नेताओं के साथ लगातार मुलाकातें पहले भी राजनीतिक चर्चाओं का विषय रही हैं।
मुलाकात के बाद नरोत्तम मिश्रा ने करण सिंह वर्मा के जन्मदिन की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने वर्मा के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की। वहीं, करण सिंह वर्मा ने भी नरोत्तम मिश्रा का स्वागत किया। हालांकि दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीत को लेकर कोई राजनीतिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन ऐसे समय में वरिष्ठ भाजपा नेताओं की मुलाकात को लेकर सियासी गलियारों में अटकलों का दौर जरूर शुरू हो गया है।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |