Dakhal News
मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क से वन्यजीव प्रेमियों के लिए खुशखबरी सामने आई है। यहां मादा चीता KJP-21 ने पांच शावकों को जन्म दिया है। कूनो प्रबंधन के अनुसार सभी शावक स्वस्थ हैं और मां के साथ सुरक्षित हैं। पांच नए मेहमानों के आने के बाद कूनो में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 56 हो गई है।
कूनो में मौजूद 56 चीतों में 41 ऐसे हैं, जिनका जन्म भारत में हुआ है। वहीं, मंदसौर जिले के गांधीसागर में हाल ही में चार चीते छोड़े गए हैं। इस तरह कूनो और गांधीसागर को मिलाकर देश में प्रोजेक्ट चीता के तहत चीतों की कुल संख्या अब 60 हो गई है। लगातार हो रहे नए जन्म को भारत में चीता संरक्षण और देश में उनकी आबादी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
कूनो में पांच शावकों के जन्म की जानकारी सामने आने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी खुशी जताई और प्रोजेक्ट चीता से जुड़े अधिकारियों व पूरी कूनो टीम को बधाई दी। उन्होंने इसे भारत में चीता आबादी को दोबारा मजबूत करने और वन्यजीव संरक्षण के प्रयासों के लिए अहम उपलब्धि बताया। नए शावकों के जन्म के साथ कूनो में चीता संरक्षण अभियान को एक और बड़ी सफलता मिली है।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |