Dakhal News
मध्य प्रदेश में नायरा एनर्जी के पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। कंपनी ने पेट्रोल के दाम 5 रुपये और डीजल के दाम 3 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए हैं। इसके बाद भोपाल में नायरा के पंपों पर पेट्रोल 119.81 रुपये और डीजल 102.59 रुपये प्रति लीटर हो गया है। प्रदेश में नायरा के करीब 275 पेट्रोल पंप बताए जा रहे हैं, जहां रोजाना करीब 9 हजार लीटर पेट्रोल-डीजल की बिक्री होती है। भोपाल में कंपनी के 11 पंप हैं।
पंप संचालक के मुताबिक, बढ़ोतरी से पहले शुक्रवार को भोपाल में नायरा का पेट्रोल 114.81 रुपये और डीजल 99.59 रुपये प्रति लीटर था। शनिवार से नई दरें लागू होने के बाद दोनों ईंधनों के दाम बढ़ गए। कंपनी के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और ईंधन की लागत बढ़ने के कारण यह फैसला लिया गया है। कंपनी ने रिटेल कीमत और लागत के बीच अंतर को कम करने का हवाला दिया है। इससे पहले मार्च में भी नायरा ने पेट्रोल में 5 रुपये और डीजल में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी, जबकि जुलाई में इतनी ही कटौती की गई थी।
वहीं, सरकारी तेल कंपनियों ने फिलहाल पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के अलावा जियो के रेट भी यथावत बताए गए हैं। भोपाल में इन सरकारी तेल कंपनियों के पेट्रोल की कीमत करीब 114.54 रुपये और डीजल की कीमत 99.64 रुपये प्रति लीटर है। ऐसे में नायरा के पंपों पर बढ़ी कीमतों और अन्य कंपनियों की स्थिर दरों के बीच अंतर दिखाई दे रहा है।
Dakhal News
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |