MP में भारी बारिश से नदियां उफान पर, कई पुल डूबे; बरगी के 9 गेट खुले
  Rivers in spate due to heavy rains in MP, several bridges submerged; 9 gates of Bargi Dam opened.

 

 

 

 

 

 

मध्यप्रदेश के पूर्वी हिस्से में लगातार बारिश के कारण नदियों और बांधों का जलस्तर बढ़ गया है। डिंडौरी और उमरिया में पिछले तीन दिनों से हो रही तेज बारिश के चलते नर्मदा समेत कई सहायक नदियां उफान पर हैं। डिंडौरी के जोगी टिकरिया का पुल पानी में डूब गया है, जिससे जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे-45 पर पिछले कई घंटों से आवाजाही प्रभावित है। शहपुरा के बिलगांव बांध के दो गेट और उमरिया के जोहिला डैम के चार गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है। वहीं बरगी बांध में पानी की लगातार आवक को देखते हुए अब कुल 9 गेट खोल दिए गए हैं। इससे नर्मदा के घाटों पर जलस्तर में करीब 6 से 8 फीट की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सतना, मैहर और उमरिया में भी विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए 26 सितंबर को स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।

 

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार सितंबर के अंतिम सप्ताह में पूर्वी मध्यप्रदेश में बारिश का दौर अभी जारी रह सकता है। गहरे अवदाब की ताकत भले ही कमजोर हो रही है, लेकिन इसकी दिशा और वातावरण में मौजूद नमी के कारण अगले 48 घंटे अहम माने जा रहे हैं। प्रशासन ने नदी-नालों, पुल-पुलियों और निचले इलाकों पर विशेष नजर रखने की जरूरत बताई है। प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून का आधिकारिक समय 30 सितंबर तक है और इसके बाद धीरे-धीरे मानसून की विदाई शुरू होने की संभावना रहती है। लगातार बारिश के बावजूद प्रदेश में अब तक कुल 880.5 मिलीमीटर यानी करीब 34.7 इंच बारिश हुई है, जो सामान्य 937.9 मिलीमीटर यानी 36.9 इंच से करीब 6 प्रतिशत कम है। पूर्वी हिस्से में बारिश सामान्य के आसपास है, जबकि पश्चिमी मध्यप्रदेश में अब भी कमी बनी हुई है।

 

बारिश के आंकड़ों के मुताबिक अनूपपुर, छतरपुर, मैहर, पन्ना, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, उमरिया समेत 23 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। दूसरी ओर कई जिलों में अब भी बारिश औसत से कम है। जून में कम बारिश और मानसून के दौरान दो बार बने ब्रेक के कारण प्रदेश का कुल आंकड़ा अभी सामान्य से नीचे है, हालांकि जुलाई और अगस्त में बारिश का कोटा पूरा हो चुका है। भोपाल में भी सितंबर के दौरान बारिश का दौर जारी है और पिछले कुछ वर्षों में इस महीने सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। मौजूदा मौसम को देखते हुए नदी किनारे और जलभराव वाले इलाकों में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।

 

Dakhal News 26 September 2026

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.