अखिलेश यादव का CM योगी पर तंज, बोले- ‘7000 करोड़ का कॉस्मेटिक फेशियल कराकर बनाया विश्व रिकॉर्ड’
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश सरकार के विज्ञापन खर्च को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा है। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तंज कसते हुए आरोप लगाया कि सरकार ने जनता की गाढ़ी कमाई के करीब 7,000 करोड़ रुपये अपनी छवि चमकाने के लिए खर्च कर दिए। उन्होंने इसे लेकर कहा कि मुख्यमंत्री ने “7000 करोड़ रुपये का कॉस्मेटिक फेशियल” कराकर नया विश्व रिकॉर्ड बनाया है। अखिलेश ने दावा किया कि सरकार का यह खर्च प्रदेश की जनता की प्राथमिकताओं के खिलाफ है।
अखिलेश यादव ने कहा कि इतनी बड़ी रकम यदि शिक्षा और रोजगार पर खर्च की जाती तो प्रदेश में केजी से लेकर पीजी और रिसर्च तक के लिए 2-3 विश्वस्तरीय विश्वविद्यालय बनाए जा सकते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में गरीबी, बेरोजगारी, महंगाई, एमएसपी, बिजली, पानी, सड़क और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी समस्याएं अब भी बनी हुई हैं। सपा प्रमुख ने कहा कि सरकार को अपनी छवि चमकाने के बजाय जनता की इन समस्याओं के समाधान पर पैसा खर्च करना चाहिए।