10 करोड़ के लोन का झांसा, पेट्रोल पंप संचालक से 65 लाख की ठगी; दो साल तक वसूलते रहे रकम
Petrol pump operator ,swindled , loan,money extorted

राजगढ़ जिले के ब्यावरा में पेट्रोल पंप संचालक को 10 करोड़ रुपये का लोन दिलाने का झांसा देकर करीब 65 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि इंदौर के दो लोगों ने खुद को बड़े वित्तीय संस्थानों से जुड़ा बताते हुए कम समय में लोन मंजूर कराने का भरोसा दिया और करीब दो साल तक प्रोसेसिंग फीस, मॉर्गेज, दस्तावेज जांच और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर अलग-अलग किस्तों में रकम लेते रहे। पीड़ित पेट्रोल पंप संचालक गोविंद गुप्ता के मुताबिक, नवंबर 2023 में परिचित के जरिए उनकी मुलाकात इंदौर निवासी योगेश अटोले उर्फ योगेश पाटिल और मनीष कटियार से हुई थी। आरोपियों ने भरोसा दिलाने के लिए लेटरहेड, चेक और अन्य दस्तावेज भी दिए।

 

शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने सबसे पहले भोपाल बुलाकर दो प्रतिशत प्रोसेसिंग फीस के नाम पर 20 लाख रुपये नकद लिए। इसके बाद जनवरी 2025 में इंदौर स्थित एक खाते में 10 लाख रुपये आरटीजीएस के जरिए जमा कराए गए, जबकि 22 लाख और 13 लाख रुपये भी नकद लिए गए। इस तरह करीब 65 लाख रुपये लेने के बावजूद लोन स्वीकृत नहीं हुआ। आरोपियों ने पीड़ित के कारोबारी दस्तावेज, बैंक स्टेटमेंट, आईटीआर, आधार-पैन सहित कई कागजात अपने पास रख लिए और सुरक्षा के नाम पर खाली चेक व दस्तावेजों पर हस्ताक्षर भी कराए। रकम और दस्तावेज वापस नहीं मिलने पर पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। सिटी थाना पुलिस ने बैंक लेन-देन, चेक और ऑडियो रिकॉर्डिंग समेत उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Priyanshi Chaturvedi 7 August 2026

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.