भोपाल में मेट्रो, ई-बस और साइकिल से बनेगा एकीकृत पब्लिक ट्रांसपोर्ट नेटवर्क
भोपाल में यात्रियों को बेहतर और निर्बाध सफर उपलब्ध कराने के लिए मेट्रो रेल, इलेक्ट्रिक बस और रेंटल साइकिल को आपस में जोड़कर एकीकृत पब्लिक ट्रांसपोर्ट मॉडल तैयार किया जा रहा है। जिला यातायात समिति के सुझावों के आधार पर तैयार इस योजना के तहत मेट्रो की ऑरेंज और ब्लू लाइन के सभी स्टेशनों को इलेक्ट्रिक बस रूट से जोड़ा जाएगा। वहीं, बस स्टॉप और मेट्रो स्टेशनों पर जीपीएस आधारित किराये की साइकिलें उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि यात्री आसानी से अपने अंतिम गंतव्य तक पहुंच सकें। इस परियोजना को स्मार्ट सिटी कंपनी और भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड संयुक्त रूप से लागू करेंगे। 25 जुलाई से इलेक्ट्रिक बसों का व्यावसायिक संचालन भी शुरू होने जा रहा है।
भोपाल मेट्रो के मास्टर प्लान में कुल छह कॉरिडोर (करीब 104 किलोमीटर) प्रस्तावित हैं। फिलहाल ऑरेंज लाइन के एम्स से सुभाष नगर तक 6.22 किलोमीटर हिस्से पर मेट्रो का संचालन शुरू हो चुका है, जबकि भविष्य में रेड, ग्रीन, येलो और ब्राउन लाइन के जरिए बैरागढ़, एयरपोर्ट और मंडीदीप जैसे क्षेत्रों को भी जोड़ा जाएगा। विशेषज्ञों का मानना है कि यह मॉडल तभी सफल होगा, जब यात्रियों को किफायती किराए पर बेहतर लास्ट-माइल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं, स्मार्ट सिटी प्रबंधन का दावा है कि तीनों परिवहन माध्यमों के एकीकरण से सार्वजनिक परिवहन का उपयोग बढ़ेगा।