ग्वालियर में 285 करोड़ से बनेंगे 1675 हाईटेक पीएम आवास, मध्यमवर्गीय परिवारों को बड़ी राहत
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत मानपुर में 1675 नए हाईटेक आवासों के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। करीब 285 करोड़ रुपये की इस परियोजना को राज्य स्तरीय तकनीकी समिति और केंद्र सरकार की सीएससी कमेटी से मंजूरी मिल चुकी है। जमीन का चयन पहले ही हो चुका है और अब नगर निगम ने टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए हैं। पहले चरण में आवास से वंचित रहे हजारों परिवारों को इस परियोजना से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए 960, निम्न आय वर्ग (LIG) के लिए 576 और मध्यम आय वर्ग (MIG) के लिए 139 आवास बनाए जाएंगे। सभी आवश्यक एनओसी मिलने के बाद अगले कुछ हफ्तों में निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है। वहीं, इंदौर में भी प्रधानमंत्री आवास योजना के दूसरे चरण के तहत करीब 8100 नए आवास बनाने की तैयारी चल रही है, हालांकि पहले चरण की कई परियोजनाएं अभी भी अधूरी होने के कारण उनके समय पर पूरा होने को लेकर सवाल बने हुए हैं।