Patrakar Priyanshi Chaturvedi
भोपाल नगर निगम ने हाउसिंग फॉर ऑल (HFA) योजना के तहत दानापानी सब्जी फार्म क्लस्टर में करीब 100 एकड़ भूमि पर 21,255 ईडब्ल्यूएस (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग) आवास बनाने की नई योजना तैयार की है। लगभग 2,656.88 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना में भूकंपरोधी मिवान तकनीक से निर्माण, बिजली सबस्टेशन, चौड़ी सड़कें और 6.30 हेक्टेयर क्षेत्र में अर्बन फॉरेस्ट विकसित करने का प्रस्ताव है। परियोजना के वित्तपोषण के लिए कम्पेनसेटरी लैंड पार्सल (CLP) मॉडल के तहत सरकारी भूमि निजी डेवलपर्स को देने की भी तैयारी की जा रही है।
हालांकि, नई परियोजना की घोषणा के बीच नगर निगम की पुरानी हाउसिंग परियोजनाओं की धीमी प्रगति पर सवाल उठ रहे हैं। पिछले करीब 10 वर्षों में शहर के 20 प्रोजेक्ट्स के तहत 11,457 मकानों का निर्माण शुरू किया गया था, लेकिन अब तक केवल 6,563 मकान ही तैयार हो सके हैं। इनमें भी लगभग 1,800 हितग्राहियों को ही आवंटन मिल पाया है। कई परियोजनाएं तय समय सीमा से तीन से पांच वर्ष तक पीछे चल रही हैं, जिससे लाभार्थियों को बैंक की किस्त और किराए का दोहरा बोझ उठाना पड़ रहा है।
नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन का कहना है कि पुरानी परियोजनाओं में तकनीकी कारणों से देरी हुई, जबकि नई दानापानी परियोजना में सख्त समय-सीमा और गुणवत्ता मानकों का पालन कराया जाएगा। वहीं, कई हितग्राहियों ने निर्माण की गुणवत्ता और लगातार बढ़ती डेडलाइन पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि पुराने प्रोजेक्ट पूरे होने से पहले नई योजनाओं की घोषणा से लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |