मध्य प्रदेश में भारी बारिश का कहर, शिप्रा उफान पर; सहायक सचिव लापता
Heavy rains , Madhya Pradesh; Shipra river, Secretary missing

मध्य प्रदेश के उज्जैन, देवास और इंदौर सहित कई जिलों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। उज्जैन में शिप्रा नदी उफान पर होने से रामघाट के कई छोटे-बड़े मंदिर आंशिक रूप से जलमग्न हो गए हैं। शिप्रा ब्रिज की छोटी रपट भी पानी में डूब गई है, जिसके चलते श्रद्धालुओं की आवाजाही रोक दी गई है। प्रशासन ने घाटों पर पुलिस और होमगार्ड की तैनाती कर लोगों से नदी और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।

उज्जैन के बड़नगर क्षेत्र में ग्राम पंचायत के सहायक सचिव सूर्य प्रताप सिंह सोनगरा उफनती पुलिया पार करते समय बाइक सहित तेज बहाव में बह गए। घटना के कई घंटे बाद उनकी बाइक तो बरामद हो गई, लेकिन उनका अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। वहीं जगोटी क्षेत्र में भी एक युवक पुलिया पार करते समय बाइक समेत बह गया, हालांकि उसने तैरकर अपनी जान बचा ली।

बारिश का असर प्रदेश के अन्य जिलों में भी देखने को मिला। पांढुर्णा में नदी के तेज बहाव से कच्चे मकान प्रभावित हुए, जबकि बालाघाट में कई घरों में पानी भर गया। खरगोन में खेत जलमग्न होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और जलभराव एवं उफनते नदी-नालों को पार करने से बचने की सलाह दी है।

 
Priyanshi Chaturvedi 3 July 2026

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.