मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव 1 जुलाई को सिवनी के पॉलिटेक्निक कॉलेज मैदान में आयोजित धान महोत्सव में शामिल होंगे। इस अवसर पर वे कृषि, श्रीअन्न (मिलेट्स) संवर्धन और विभिन्न विकास कार्यों से जुड़ी सौगातें देंगे। मुख्यमंत्री सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश के 3941 कोदो और कुटकी उत्पादक किसानों के बैंक खातों में 2 करोड़ 82 लाख 99 हजार 300 रुपये की प्रोत्साहन राशि अंतरित करेंगे। किसानों को यह राशि 1000 रुपये प्रति क्विंटल की दर से दी जाएगी, जिससे श्रीअन्न उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा और किसानों की आय में वृद्धि होगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जिले की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे। साथ ही, विभिन्न हितग्राही योजनाओं के लाभार्थियों को हितलाभ वितरित किए जाएंगे। आयोजन में कृषि यंत्रों, प्राकृतिक खेती, कस्टम हायरिंग सेंटर, जीआई टैग प्राप्त सीताफल, मिलेट्स उत्पाद, पीएमएफएमई उत्पाद, आम की विभिन्न किस्मों, स्व-सहायता समूहों के हस्तशिल्प, लघु वनोपज और पोषण आहार से जुड़ी विकास प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। किसानों को कृषिका ऐप सहित आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। कलेक्टर नेहा मीना ने कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड, सेफ हाउस और सुकतरा हवाई पट्टी का निरीक्षण कर सुरक्षा, पार्किंग, पेयजल, विद्युत, बैठक व्यवस्था और यातायात प्रबंधन सहित सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की है। प्रशासन का मानना है कि धान महोत्सव श्रीअन्न उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ-साथ जिले में विकास कार्यों को नई गति देने का महत्वपूर्ण अवसर साबित होगा।