Patrakar Priyanshi Chaturvedi
बिहार में शुक्रवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली और कई जिलों में दिन में ही अंधेरा छा गया। पटना, खगड़िया, रोहतास, औरंगाबाद, कैमूर और छपरा समेत करीब 20 जिलों में तेज आंधी और बारिश हुई। काले बादलों के चलते लोगों को दिन में ही गाड़ियों की लाइट जलाकर सफर करना पड़ा। बिजली गिरने की घटनाओं में राज्यभर में 7 लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक बिहार में इसी तरह का मौसम बने रहने का अनुमान जताया है।
उत्तर प्रदेश में भी तेज आंधी और बारिश का असर देखने को मिला। लखनऊ, प्रयागराज, झांसी और चंदौली में शुक्रवार सुबह 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। हमीरपुर में तेज तूफान के चलते निर्माणाधीन पुल गिर गया, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई। वहीं लखनऊ रेलवे स्टेशन पर टिन शेड गिरने से दो लोग घायल हो गए। राजस्थान के कई जिलों में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। दूसरी ओर मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में दिन में लू चलने और शाम को बारिश व ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
भीषण गर्मी और बदलते मौसम का असर पालतू जानवरों पर भी पड़ रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि नौतपा के दौरान तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने से डॉग्स और कैट्स में हीट स्ट्रेस और हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है। डॉक्टरों ने सलाह दी है कि पालतू जानवरों को दिन के समय बाहर न घुमाएं, पर्याप्त पानी दें और हल्का भोजन कराएं ताकि वे गर्मी से सुरक्षित रह सकें।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |