Patrakar Priyanshi Chaturvedi
भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में 33 वर्षीय कंटेंट क्रिएटर और पूर्व मिस पुणे ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत ने पूरे देश को झकझोर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि ट्विशा की मुलाकात वर्ष 2024 में एक डेटिंग ऐप के जरिए भोपाल के वकील समर्थ सिंह से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध बढ़े और दिसंबर 2025 में शादी हो गई। लेकिन शादी के कुछ महीनों बाद ही ट्विशा का शव फंदे पर मिलने से मामला गंभीर हो गया। परिवार ने पति समर्थ सिंह और उनकी मां, रिटायर्ड जिला जज गिरिबाला सिंह पर दहेज उत्पीड़न और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं।
परिजनों का कहना है कि शादी के शुरुआती दिनों में ट्विशा खुश थी, लेकिन बाद में उसने मानसिक दबाव और प्रताड़ना की बातें बतानी शुरू कर दी थीं। घटना वाली रात भी ट्विशा ने अपनी मां और परिवार से फोन पर बातचीत की थी। परिवार के मुताबिक उसने कहा था कि वह भोपाल छोड़कर वापस नोएडा आना चाहती है। आरोप है कि रात करीब 10 बजे पति के कमरे में आने के बाद अचानक फोन कट गया और फिर किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने छह सदस्यीय एसआईटी गठित की है। पुलिस ने पति समर्थ सिंह, उनके पिता और मां के खिलाफ दहेज हत्या और उत्पीड़न का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। समर्थ सिंह फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं, जबकि उनकी मां को अग्रिम जमानत मिल चुकी है। पुलिस अब दहेज प्रताड़ना, मानसिक क्रूरता और सबूत मिटाने के पहलुओं की भी जांच कर रही है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |