Patrakar Priyanshi Chaturvedi
मध्य प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी का असर अब स्कूली बच्चों की सेहत पर साफ दिखाई देने लगा है। राजधानी भोपाल समेत कई इलाकों में बच्चों के बीमार होने की शिकायतें बढ़ी हैं, जिसके बाद अभिभावकों ने स्कूलों में छुट्टी घोषित करने की मांग उठाई है। इस संबंध में कलेक्टर को पत्र भी सौंपा गया है, वहीं जिला शिक्षा विभाग ने अवकाश घोषित करने का प्रस्ताव तैयार कर लिया है।
अभिभावकों का कहना है कि दोपहर के समय स्कूल बस और वैन में लंबा सफर बच्चों के लिए बेहद मुश्किल हो रहा है। गर्मी में ये वाहन किसी गर्म चैंबर जैसे हो जाते हैं, जिसमें बच्चे 2 से 4 घंटे तक सफर करने को मजबूर हैं। शहर के कई स्कूल बाहरी क्षेत्रों में होने के कारण बच्चों को आने-जाने में ज्यादा समय लग रहा है, जिससे उनकी सेहत पर बुरा असर पड़ रहा है।
स्थिति को देखते हुए कुछ निजी स्कूलों ने नर्सरी और प्राइमरी कक्षाओं के समय में बदलाव कर दिया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि अभिभावकों की शिकायतों के आधार पर प्रस्ताव कलेक्टर को भेजा जाएगा और मंजूरी मिलते ही स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी जाएगी। फिलहाल करीब 2000 स्कूलों के बच्चों की राहत अब प्रशासन के फैसले पर टिकी है।।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |