Patrakar Priyanshi Chaturvedi
छत्तीसगढ़ के डोंगरगांव ब्लॉक स्थित दरराबांधा मिडिल स्कूल में शौचालय निर्माण को लेकर रिश्वत मांगने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। प्रधान पाठक बसंत वर्मा का आरोप है कि संबंधित विभाग के एक बाबू द्वारा ₹10,000 की मांग की गई और न देने पर परेशान करने व झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी गई। यह मामला उस योजना से जुड़ा है जिसके तहत स्कूलों में शौचालय निर्माण सर्व शिक्षा अभियान और राजीव गांधी शिक्षा मिशन के अंतर्गत किया जा रहा है।
प्रधान पाठक का कहना है कि उन्होंने शौचालय निर्माण में अपनी निजी राशि भी खर्च की है, बावजूद इसके उनसे रिश्वत की मांग की गई। आरोप है कि पैसा देने से इनकार करने पर उन्हें शौचालय निर्माण में अनियमितता का हवाला देते हुए स्पष्टीकरण नोटिस जारी किया गया, जबकि निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। इससे वे मानसिक रूप से परेशान हैं और उन्होंने विभागीय अधिकारियों को शिकायत पत्र सौंपा है।
वहीं, इस मामले में उन्होंने विकासखंड शिक्षा अधिकारी से अनुमति मांगते हुए संबंधित कर्मचारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की बात कही है। मामला सामने आने के बाद विभागीय कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि ब्लॉक के कई स्कूलों में इसी तरह की परियोजनाएं चल रही हैं और ऐसे में पारदर्शिता को लेकर गंभीर चिंता जताई जा रही है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |