Patrakar Priyanshi Chaturvedi
अयोध्या में राम नवमी के पावन अवसर पर अभिजीत मुहूर्त में दोपहर 12 बजे रामलला का भव्य सूर्य तिलक किया गया। लगभग नौ मिनट तक भगवान के ललाट पर सूर्य की विशेष किरणें पड़ीं, जिसे श्रद्धालुओं ने दिव्य क्षण के रूप में देखा। प्राण-प्रतिष्ठा के बाद यह रामलला का दूसरा सूर्य तिलक रहा, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी लाइव देखा। इस दौरान मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और आरती संपन्न हुई।
रामनवमी के अवसर पर पूरी अयोध्या नगरी राममय हो उठी। मंदिरों में भजन-कीर्तन, सोहर गीत और जय श्रीराम के जयघोष गूंजते रहे। हनुमानगढ़ी और कनक भवन सहित प्रमुख स्थलों पर श्रद्धालु बड़ी संख्या में उमड़े। मौसम ने भी साथ दिया—सुबह की ठंडक और हल्की बारिश के बाद राम जन्म के समय आसमान साफ हुआ और धूप खिल उठी, जिसे भक्तों ने शुभ संकेत माना।
इस अवसर पर देशभर, खासकर मध्य प्रदेश में भी भव्य आयोजन हुए। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और जबलपुर में शोभायात्राएं, भंडारे, यज्ञ और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। लाखों श्रद्धालुओं ने भगवान राम के जन्मोत्सव को उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया, जिससे पूरे देश में भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहा।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |