रायगढ़ में अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़, डेढ़ एकड़ में लहलहा रही फसल
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के तमनार ब्लॉक के आमाघाट क्षेत्र में पुलिस ने अवैध अफीम की खेती का खुलासा किया है। करीब डेढ़ एकड़ जमीन पर उगाई गई फसल को देखकर सामान्य फसल का भ्रम हो सकता था, लेकिन गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने खेत पर छापा मारकर पूरे नेटवर्क को कब्जे में लिया। इस कार्रवाई में झारखंड के निवासी मार्शल सांगां को हिरासत में लिया गया और उससे पूछताछ की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस अवैध खेती के पीछे झारखंड का कनेक्शन था। पुलिस अब सप्लाई चैन और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि यह सुनियोजित तरीके से की गई खेती थी और संभवतः यह किसी संगठित गिरोह का हिस्सा हो सकती है, जो ग्रामीण और दूरदराज इलाकों में अफीम की खेती करवा रहा है।
छत्तीसगढ़ में हाल के 15 दिनों में यह अफीम की खेती पकड़े जाने का चौथा मामला है। इससे पहले दुर्ग और बलरामपुर जिलों में भी ऐसे अवैध खेत बरामद हुए थे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।