Patrakar Priyanshi Chaturvedi
मध्यप्रदेश के मैहर जिले स्थित मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी एंड जू में पर्यटकों के लिए एक नया आकर्षण जुड़ गया है। यहां नव निर्मित रेप्टाइल हाउस का लोकार्पण उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, वन विभाग के अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की मौजूदगी रही।
आधुनिक तकनीक से बने इस रेप्टाइल हाउस में सरीसृपों और सांपों की कई दुर्लभ प्रजातियों को सुरक्षित रखा गया है। यहां आने वाले पर्यटक अब किंग कोबरा, रसेल वाइपर और पाइथन जैसे खतरनाक और दुर्लभ सांपों को करीब से देख सकेंगे। वन विभाग के अनुसार यह केंद्र पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ सर्प संरक्षण, शोध और लोगों को सांपों की पहचान व जानकारी देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
व्हाइट टाइगर सफारी प्रबंधन के मुताबिक सभी जरूरी तैयारियां पूरी होने के बाद रेप्टाइल हाउस को जल्द ही आम पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा। उद्घाटन समारोह में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि मुकुंदपुर सफारी तेजी से प्रदेश और देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में विकसित हो रही है। रेप्टाइल हाउस शुरू होने से यहां पर्यटकों की संख्या और बढ़ेगी तथा स्कूली बच्चों और आम लोगों को विभिन्न सर्प प्रजातियों के बारे में सीखने का अवसर मिलेगा।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |