सिंगरौली में पुलिस ने पशु तस्करी पकड़ी, 13 भैंस और 2 पिकअप वाहन जब्त
सिंगरौली के कोतवाली बैढ़न पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 भैंस और दो पिकअप वाहन जप्त किए। मुखबिर की सूचना पर हिर्वाह तिराहा के पास घेराबंदी की गई, लेकिन पुलिस को देख दोनों वाहन चालक फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जप्त भैंसों की अनुमानित कीमत 4 लाख 70 हजार रुपये और वाहनों की कीमत 10 लाख रुपये से अधिक बताई।
गौ सेवा संस्थान के सदस्य नितिन पाण्डेय ने बताया कि इस कार्रवाई में पुलिस का योगदान अहम रहा और आगे भी पशु तस्करी के खिलाफ सख्त कदम उठाने की जरूरत है। जप्त भैंसों को सुरक्षित रूप से देवरा स्थित गौशाला में भेजा गया है, जहां उनके रहने और खाने-पीने की समुचित व्यवस्था की गई है।