ग्वालियर में रंग पंचमी महोत्सव: श्री खाटू श्याम जी की भव्य रथ यात्रा रविवार को
ग्वालियर में रंग पंचमी महोत्सव के तहत श्री खाटू श्याम जी की भव्य रथ यात्रा रविवार, 8 मार्च को सुबह 9 बजे शताब्दीपुरम स्थित पहाड़ेश्वर मंदिर से शुरू होगी। रंग पंचमी उत्सव समिति के अध्यक्ष डॉ. गौरव शर्मा ने बताया कि रथ यात्रा का मार्ग इंडिकिड्स पब्लिक स्कूल, अटल पार्क, शर्मा डेंटल क्लिनिक, महाराजा काम्प्लेक्स, सिंधिया स्टेच्यू, यूनिपैच फैक्ट्री और गोले का मंदिर होते हुए खाटू श्याम मंदिर बिरला नगर तक जाएगा। यात्रा के दौरान श्रद्धालु जगह-जगह पुष्प वर्षा कर रथ का स्वागत करेंगे।
रथ यात्रा में हजारों की संख्या में युवा, महिला और बुजुर्ग शामिल होंगे। स्थानीय लोगों की ओर से स्वागत के साथ ही श्रद्धालुओं के लिए शीतल जल की व्यवस्था भी की जाएगी। यात्रा के मुख्य आकर्षण में बाबा खाटू श्याम का भव्य रथ शामिल है, जिसे फूलों और रंग-बिरंगे सजावटी आइटम्स से सजाया गया है। श्रद्धालु रथ के साथ भजन और कीर्तन करते हुए अपनी आस्था का प्रदर्शन करेंगे।
विशेष पूजा अर्चना के दौरान श्रद्धालु हाथों में रंग-बिरंगे निशान लेकर अपने आराध्य के दर्शन करेंगे। इस आयोजन में स्थानीय प्रशासन का पूर्ण सहयोग रहेगा। पत्रकारवार्ता में शालिनी द्विवेदी, शेर सिंह दंडोतिया, पूनम परिहार, विकास अग्रवाल, शैलेंद्र चौहान और श्रीमति सोनी समेत अन्य गणमान्य उपस्थित थे।