IDBI बैंक में 1300 पदों पर भर्ती, आज से शुरू हुए आवेदन
IDBI Bank ने जूनियर असिस्टेंट मैनेजर और असिस्टेंट मैनेजर के कुल 1300 पदों पर भर्ती के लिए विस्तृत नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 8 मार्च 2026 से शुरू हो गई है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार बैंक की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से 19 मार्च 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। वहीं ऑनलाइन परीक्षा की संभावित तिथि 12 अप्रैल 2026 तय की गई है।
जूनियर असिस्टेंट मैनेजर (JAM ग्रेड ‘O’) के पद के लिए उम्मीदवार के पास मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में स्नातक डिग्री होना जरूरी है। सामान्य, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी वर्ग के लिए कम से कम 60 प्रतिशत अंक तथा एससी, एसटी और पीडब्ल्यूबीडी वर्ग के लिए 55 प्रतिशत अंक अनिवार्य हैं। इस पद के लिए आयु सीमा 1 मार्च 2026 तक 20 से 25 वर्ष रखी गई है। वहीं असिस्टेंट मैनेजर (ग्रेड ‘A’) के लिए स्नातक डिग्री के साथ किसी बैंक में कम से कम दो वर्ष का कार्य अनुभव होना आवश्यक है और आयु सीमा 21 से 30 वर्ष निर्धारित की गई है।
इस भर्ती अभियान के तहत जूनियर असिस्टेंट मैनेजर के 1100 और असिस्टेंट मैनेजर के 200 पद भरे जाएंगे। आवेदन शुल्क सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 1050 रुपये तथा एससी, एसटी और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए 250 रुपये रखा गया है। उम्मीदवार डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग, आईएमपीएस या अन्य ऑनलाइन माध्यमों से शुल्क का भुगतान कर सकते हैं।