गणेश शंकर मिश्रा के सम्मान में जनउत्सव, ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया

राज्य नीति आयोग के उपाध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री दर्जा) गणेश शंकर मिश्रा के सम्मान में रविवार को आयोजित कार्यक्रम क्षेत्रभर के लिए उत्सव का रूप ले लिया। “प्रतिभा के हुए सम्मान, क्षेत्र का बढ़ा मान” थीम वाले अभिनंदन समारोह में पेंड्रावन स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ शुरुआत हुई। इसके बाद सैकड़ों युवाओं की बाइक रैली और दर्जनों वाहनों के काफिले ने खरोरा होते हुए गृह ग्राम मुरा तक का मार्ग तय किया। रास्ते में जगह-जगह स्वागत द्वार और पुष्पवर्षा के माध्यम से मिश्रा का अभिनंदन किया गया।

 

मुरा पहुंचने पर माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो गया। आतिशबाजी, फूलों की वर्षा और पारंपरिक स्वागत के बीच ग्रामीणों ने मिश्रा का स्वागत किया। सैकड़ों महिलाओं ने माल्यार्पण किया और अपने पिता एवं स्वतंत्रता सेनानी पंडित लखनलाल मिश्रा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करते समय मिश्रा भावुक नजर आए। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण यह रहा कि ग्रामीणों ने उन्हें उनके वजन के बराबर लड्डुओं से तौलकर सम्मानित किया। मिश्रा ने गुरुद्वारे और महामाया मंदिर में पूजा-अर्चना कर पारिवारिक संबंधों और स्थानीय आस्था का सम्मान किया।

 

सभा को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष डॉ. लखनलाल धीवर ने कहा कि मिश्रा जैसे जमीनी अधिकारी की नीति आयोग में नियुक्ति प्रदेश के लिए गर्व की बात है। जिला पंचायत सदस्य सोना वर्मा ने उन्हें क्षेत्र का गौरव बताया। मिश्रा ने अपने उद्बोधन में कहा, “मैं अपने परिवार के बीच आया हूं और आप सभी का आशीर्वाद चाहता हूं।” कार्यक्रम में आसपास के 20-25 गांवों से ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। मंच संचालन रोशन यादव ने किया और आभार राजकुमार सिंह ठाकुर ने व्यक्त किया।

Priyanshi Chaturvedi 3 March 2026

Comments

Be First To Comment....

Video
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.