Patrakar Priyanshi Chaturvedi
सिंगरौली जिले के रामलीला मैदान में आयोजित दो दिवसीय अखिल भारतीय दंगल प्रतियोगिता सीजन-7 का समापन बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ हुआ। प्रतियोगिता के दूसरे दिन देश-विदेश के कई नामी पहलवानों ने अपनी शानदार तकनीक और दांव-पेंच का प्रदर्शन किया। इस दौरान रामलीला मैदान दर्शकों से भर गया और सुरक्षा के लिए पुलिस और यातायात विभाग के कड़े इंतजाम किए गए। कार्यक्रम में सीधी-सिंगरौली सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, विधायक रामनिवास शाह, भाजपा जिला अध्यक्ष सुंदर शाह, कांग्रेस नेता ज्ञानेंद्र द्विवेदी, कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि और समाजसेवी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता का उद्घाटन कलेक्टर गौरव बैनल और पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने विधिवत पूजन-अर्चन के साथ किया। दर्शकों ने रात भर चलने वाले मुकाबलों में पहलवानों के खेल का भरपूर आनंद लिया और उनका उत्साहवर्धन किया। स्थानीय प्रतिभागियों के साथ-साथ देश और विदेश के महिला-पुरुष पहलवानों ने भी अपनी प्रतिभा का जलवा दिखाया, जिससे आयोजन और भी रोमांचक बन गया।
पुरूष वर्ग के फाइनल मुकाबले में ईरान के इरफान शेख और भारत के रामेश्वर पहलवान आमने-सामने आए। इरफान को चोट लगने के कारण हार माननी पड़ी और रामेश्वर विजेता घोषित हुए। महिला वर्ग के फाइनल में सविता पहलवान (कुरुक्षेत्र) और रूबी थापा (नेपाल) के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें रूबी चोट के कारण हार गई और सविता विजेता बनीं। आयोजन समिति ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में ऐसे आयोजनों को जारी रखने की इच्छा जताई।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |