Patrakar Priyanshi Chaturvedi
राजनांदगांव जिले के जालबांधा-दुर्ग मार्ग पर घुमका थाना क्षेत्र के ग्राम मोहंदी स्थित जया केमिकल फैक्ट्री में सोमवार सुबह भीषण आग लग गई। फैक्ट्री के पीछे बने केमिकल गोदाम में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और काले धुएं का घना गुबार करीब 3 किलोमीटर दूर तक दिखाई देने लगा। घटना के बाद आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई और एहतियातन कई क्षेत्रों को खाली कराया गया।
फैक्ट्री में डामर और विभिन्न प्रकार के ज्वलनशील केमिकल का निर्माण होता है। सुबह गोदाम के पीछे से उठता धुआं कुछ ही देर में आग के बड़े गुबार में बदल गया। सूचना मिलते ही खैरागढ़ और राजनांदगांव से करीब आधा दर्जन दमकल वाहन मौके पर पहुंचे, लेकिन केमिकल गोदाम में लगी आग पर छह घंटे की मशक्कत के बाद भी पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक गोदाम के ऊपर टीन शेड पर वेल्डिंग का काम चल रहा था और चिंगारी नीचे रखे केमिकल पर गिरने से आग भड़कने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है। घटना में अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन भारी नुकसान की आशंका है। जहरीले धुएं के कारण प्रदूषण का खतरा बढ़ने पर आसपास के स्कूलों में एहतियातन अवकाश घोषित किया गया है, जबकि पुलिस और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |