Patrakar Priyanshi Chaturvedi
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में नर्मदापुरम रोड पर शहर का 11वां रेलवे ओवरब्रिज (ROB) बनाया जाएगा। यह ब्रिज बावड़िया कलां चौराहे से आशिमा मॉल के पास तक निर्मित होगा। करीब 49 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस 1210 मीटर लंबे ब्रिज को ईपीसी (इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन) मॉडल पर तैयार किया जाएगा। मार्च 2026 से निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है और इसे 24 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस ब्रिज के बनने से कोलार, बावड़िया कला, सलैया, गुलमोहर और त्रिलंगा जैसे क्षेत्रों की कटारा हिल्स, बागसेवनिया, बागमुगालिया और मिसरोद से दूरी करीब 3 से 4 किलोमीटर तक कम हो जाएगी। इससे पहले शहर में सिंगारचोली, छोला, करोंद, भारत टॉकीज, पुल बोगदा, ऐशबाग, सुभाष नगर, चेतक ब्रिज, सावरकर सेतु और बावड़िया आरओबी जैसे ओवरब्रिज बन चुके हैं। इस परियोजना में डिजाइन, निर्माण और 10 साल के रखरखाव की जिम्मेदारी एक ही एजेंसी को दी जाएगी, जिससे गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित होगी।
हालांकि, ब्रिज को आशिमा मॉल तक सीधे नहीं ले जाया जाएगा। यह नर्मदापुरम सिक्सलेन बीआरटी रोड से पहले विद्यानगर आईएसबीटी के पास उतरेगा, जिससे मॉल के सामने एक नया चौराहा बनेगा। ऐसे में सिग्नल सिस्टम और ट्रैफिक जाम की संभावना बनी रह सकती है। ब्रिज से उतरने के बाद सीधा रास्ता न होने के कारण यातायात प्रबंधन एक चुनौती हो सकता है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved © 2026 Dakhal News.
Created By:
Medha Innovation & Development |