एमपी में फिर बढ़ेगी ठंड, अगले 4 दिन कड़ाके की सर्दी का अलर्ट जारी
मध्य प्रदेश में एक बार फिर ठंड का असर तेज होने वाला है। मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार, अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में कड़ाके की सर्दी पड़ने की संभावना है। खास तौर पर ग्वालियर-चंबल संभाग में ठंड का प्रकोप ज्यादा रहेगा, जबकि भोपाल और उज्जैन समेत आसपास के जिलों में भी तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। फिलहाल बारिश और घने कोहरे को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से हाल ही में प्रदेश के कई इलाकों में बारिश, ओले और कोहरा देखने को मिला था। अब इन सिस्टम्स का असर कम होने के बाद मौसम साफ हो रहा है, जिससे ठंड बढ़ने लगी है। शुक्रवार रात ग्वालियर, खजुराहो समेत 11 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया, जबकि कटनी, शहडोल और छतरपुर प्रदेश के सबसे ठंडे इलाके रहे।
प्रदेश में सबसे कम तापमान कटनी के करौंदी में 5.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शहडोल और खजुराहो में 6.6 डिग्री, रीवा में 7 डिग्री, राजगढ़ और उमरिया में 8 डिग्री के आसपास तापमान दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने बताया कि 8 फरवरी से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होगा। इसके असर से 8 और 9 फरवरी को कुछ इलाकों में हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है, जबकि 10 फरवरी से मावठा गिरने की संभावना जताई गई है।